Sarkari Naukri : सेवानिवृत्त प्रशाखा पदाधिकारी के लिए अच्छी खबर, बिहार सरकार देगी फिर नौकरी

इस आदेश के अनुसार, संबंधित विभाग या प्रमंडल से खाली पड़े पदों की सूची प्राप्त होने के बाद बहाली की प्रक्रिया की जायेगी.

पटना. राज्य सरकार ने सभी विभागों और सभी स्तर के कार्यालयों में प्रशाखा पदाधिकारी (एसओ) के खाली पड़े पदों को भरने की कवायद शुरू कर दी है. इसके तहत सेवानिवृत्त एसओ की बहाली की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है. इन्हें संविदा पर बहाली करने से संबंधित आदेश सामान्य प्रशासन विभाग ने जारी कर दिया है.

विभाग ने इससे संबंधित पत्र सभी विभागों के प्रमुख, डीजीपी, प्रमंडलीय आयुक्त समेत अन्य को लिखा है. इसमें सभी विभागों, कार्यालयों या प्रमंडलों में खाली पड़े प्रशाखा पदाधिकारियों की सूची संबंधित विभागों से मांगी है ताकि इन पर आगे की कार्रवाई की जा सके.

इस आदेश के अनुसार, संबंधित विभाग या प्रमंडल से खाली पड़े पदों की सूची प्राप्त होने के बाद बहाली की प्रक्रिया की जायेगी.

चयन के लिए सामान्य प्रशासन विभाग से रोस्टर क्लियरेंस प्राप्त किया जायेगा. इसके लिए वेबसाइट और समाचार पत्रों में विज्ञापन निकाला जायेगा.

चयन के लिए प्राप्त आवेदनों के आधार पर सेवानिवृत्त सरकारी सेवकों को बहाल करने से पहले संबंधित विभाग से सहमति लेनी होगी. सामान्य प्रशासन विभाग से स्वच्छता प्रमाणपत्र प्राप्त कर चयन समिति के समक्ष प्रस्ताव पेश किया जायेगा.

समिति से अनुशंसा प्राप्त होने के बाद बहाली की प्रक्रिया की जायेगी. गौरतलब है कि हाइकोर्ट में प्रोन्नति से संबंधित मामला लंबित होने की वजह से बड़ी संख्या में सभी विभागों और कार्यालयों में एसओ स्तर के पद बड़ी संख्या में खाली हो गये हैं. सिर्फ सचिवालय स्तर पर करीब एक हजार पद एसओ के खाली पड़े हुए हैं. इन्हें भरने के लिए संविदा पर बहाली की यह व्यवस्था की गयी है.

Posted by Ashish Jha

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >