Saran News: सारण जिले के पानापुर थाना क्षेत्र के सारंगपुर डाकबंगला घाट पर बुधवार की दोपहर एक युवक के गंडक नदी में डूब जाने से हड़कंप मच गया. घटना के बाद प्रशासन और स्थानीय लोगों की मदद से युवक की तलाश शुरू कर दी गयी है.
पैर फिसलने से गहरे पानी में चला गया युवक
बताया जाता है कि उभवा सारंगपुर गांव निवासी स्वर्गीय सुरेश साह का 21 वर्षीय पुत्र राजकुमार बुधवार की दोपहर शौच के लिए नदी किनारे गया था. इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चला गया और गंडक नदी में डूब गया.
घाट पर मौजूद कुछ ग्रामीणों ने युवक को डूबता हुआ देखा, जिसके बाद उन्होंने शोर मचाया. आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और युवक की तलाश शुरू की.
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में मचा कोहराम
युवक के गंडक नदी में डूबने की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. ग्रामीणों ने बताया कि राजकुमार के पिता सुरेश साह की भी पूर्व में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो चुकी है.
प्रशासन ने शुरू किया खोज अभियान
घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय थाना पुलिस और अंचल कार्यालय के कर्मी सारंगपुर डाकबंगला घाट पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया.
वहीं पूर्व जिला पार्षद प्रतिनिधि अभिषेक रंजन सिंह उर्फ मुनचुन सिंह भी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली. उन्होंने प्रशासन से डूबे युवक के शव की जल्द बरामदगी की मांग की.
SDRF टीम को दी गयी सूचना
पानापुर के सीओ अजय कुमार ने बताया कि युवक की तलाश के लिए एसडीआरएफ टीम को सूचना दे दी गयी है. डूबे युवक की बरामदगी के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है.
