Saran News: परसा प्रखंड के सगुनी पंचायत अंतर्गत विशुनपुरा गांव में विकास की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है. गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय के समीप नहर पर बनने वाले पुल के निर्माण कार्य का शिलान्यास स्थानीय विधायक कृष्ण कुमार उर्फ मंटू सिंह ने विधिवत पूजा-अर्चना कर किया. इस शिलान्यास समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे.
जान जोखिम में डालकर स्कूल जाते थे बच्चे
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक मंटू सिंह ने कहा कि पुल निर्माण से गांव के ग्रामीणों के साथ-साथ विद्यालय जाने वाले छोटे-छोटे बच्चों को भी काफी सुविधा मिलेगी. उन्होंने बताया कि अब तक बच्चे अपनी जान जोखिम में डालकर बिजली के खंभे से बने अस्थायी पुल के सहारे नहर पार कर स्कूल जाते थे, जिससे हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती थी. अब इस पुल के बन जाने के बाद बच्चों को इस खतरे से स्थायी राहत मिल जाएगी.
जनता की सुविधा और गांवों का समग्र विकास प्राथमिकता
विधायक ने कहा, “जनता की सुविधा, गांवों का समग्र विकास और सुदृढ़ आधारभूत संरचना का निर्माण हमारी प्राथमिकता है. यह पुल क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को एक नई गति देगा.” कार्यक्रम में उपस्थित पूर्व जदयू अध्यक्ष ललन सिंह ने विधायक को बधाई देते हुए कहा कि छात्र-छात्राओं, विशेषकर बच्चियों की जीवन सुरक्षा को ध्यान में रखकर यह अत्यंत सराहनीय पहल की गई है. बरसात के दिनों में नहर का जलस्तर बढ़ जाने से बच्चों को होने वाली परेशानी अब हमेशा के लिए समाप्त हो जाएगी.
शिलान्यास समारोह में इनकी रही उपस्थिति
इस शिलान्यास समारोह में मुखिया प्रतिनिधि सुभाष गुप्ता, उप प्रमुख प्रतिनिधि रघु राय, बिनोद सिंह, प्रमोद सिंह, अनिल भगत, राकेश सिंह, टुनटुन कुमार, सोनू सिंह तथा वीरेंद्र महतो सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे. सभी ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने इस विकास कार्य के लिए विधायक मंटू सिंह के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पुल निर्माण से विशुनपुरा गांव के लोगों को वर्षों पुरानी समस्या से बड़ी राहत मिलेगी.
