छपरा : तीन मेरिट लिस्ट के बाद भी जेपीयू में 24 हजार सीटें खाली, क्या छात्रों को मिलेगा स्पॉट एडमिशन का मौका?

JPU Undergraduate Admission 2026-30 : जयप्रकाश विश्वविद्यालय में स्नातक सत्र 2026-30 के लिए पहली, दूसरी और तीसरी मेरिट लिस्ट के बाद भी बड़ी संख्या में सीटें खाली हैं. करीब 24 हजार रिक्त सीटों को भरने के लिए विश्वविद्यालय स्पॉट एडमिशन का विकल्प दे सकता है.

JPU Undergraduate Admission 2026-30 : छपरा स्थित जयप्रकाश विश्वविद्यालय में स्नातक सत्र 2026-30 के लिए तीन मेरिट लिस्ट के आधार पर नामांकन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, लेकिन बड़ी संख्या में सीटें अब भी खाली हैं. विश्वविद्यालय के कई प्रमुख कॉलेजों में 50 से 60 फीसदी तक सीटों पर दाखिला नहीं हो सका है. करीब 24 हजार रिक्त सीटों को भरने के लिए विश्वविद्यालय की ओर से स्पॉट एडमिशन का विकल्प दिए जाने की संभावना है.

तीन मेरिट लिस्ट के बाद भी बड़ी संख्या में सीटें खाली

स्नातक सत्र 2026-30 के तहत पहली, दूसरी और तीसरी मेरिट लिस्ट के आधार पर नामांकन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है. इसके बाद विश्वविद्यालय ने सभी कॉलेजों को बची हुई सीटों की संख्या पोर्टल पर अपडेट करने का निर्देश दिया है.

राजेंद्र कॉलेज में आधी से ज्यादा सीटें खाली

विश्वविद्यालय के प्रमुख कॉलेजों में शामिल राजेंद्र कॉलेज में भी बड़ी संख्या में सीटें खाली हैं. कॉलेज में कुल 2150 सीटों में से करीब 900 सीटों पर ही नामांकन हुआ है. यहां सभी प्रमुख विषयों की पढ़ाई होती है, इसके बावजूद बड़ी संख्या में सीटें रिक्त हैं.

महिला कॉलेज समेत कई संस्थानों में भी सीटें खाली

शहर के जयप्रकाश महिला कॉलेज में भी करीब 50 फीसदी सीटें उपलब्ध हैं. इसके अलावा राम जयपाल कॉलेज, गंगा सिंह कॉलेज, पीसी विज्ञान कॉलेज, जगलाल चौधरी कॉलेज और जगदम कॉलेज समेत कई संस्थानों में प्रमुख विषयों में सीटें खाली हैं.

सारण की खबरों को पढ़ने के लिए क्लिक करें

कई विषयों में 20 से 30 फीसदी ही नामांकन

विश्वविद्यालय के कई कॉलेजों में कुछ विषयों में नामांकन की स्थिति बेहद कम है. गणित, हिंदी, उर्दू, संस्कृत, भोजपुरी, दर्शनशास्त्र और ग्रामीण अर्थशास्त्र जैसे विषयों में कई कॉलेजों में पर्याप्त संख्या में सीट उपलब्ध है.

50 हजार सीटों पर होना है स्नातक में नामांकन

जयप्रकाश विश्वविद्यालय के अंतर्गत प्रमंडल के कॉलेजों में कला, विज्ञान और वाणिज्य विषयों में करीब 50 हजार सीटों पर स्नातक में नामांकन होना है. अब तक तीन मेरिट लिस्ट जारी की जा चुकी हैं और इनके आधार पर करीब 26 हजार छात्र-छात्राओं का नामांकन हुआ है.

पहली सूची में 17 हजार, दूसरी में छह हजार दाखिले

पहली मेरिट लिस्ट के आधार पर करीब 17 हजार विद्यार्थियों ने नामांकन कराया था. दूसरी सूची में लगभग छह हजार विद्यार्थियों का दाखिला हुआ. वहीं तीसरी सूची के आधार पर करीब तीन हजार छात्र-छात्राओं ने नामांकन कराया है.

करीब 24 हजार सीटों पर स्पॉट एडमिशन की संभावना

तीनों मेरिट लिस्ट के बाद भी करीब 24 हजार सीटें खाली रहने का अनुमान है. इन सीटों को भरने के लिए विश्वविद्यालय स्पॉट एडमिशन का विकल्प दे सकता है. इससे मेरिट लिस्ट में नाम नहीं आने वाले विद्यार्थियों को एक और मौका मिलने की उम्मीद है.

विषय बदलकर भी मिल सकता है नामांकन का मौका

पिछले सत्रों की तरह इस बार भी विश्वविद्यालय खाली सीटों को भरने के लिए विषय बदलकर नामांकन का अवसर दे सकता है. जिन विद्यार्थियों को पसंद के विषय में सीट उपलब्ध नहीं होने के कारण मेरिट लिस्ट में जगह नहीं मिली, वे पर्याप्त सीट वाले दूसरे विषय में नामांकन ले सकते हैं.

पिछले सत्रों में भी दी गई थी यह सुविधा

विश्वविद्यालय की ओर से पिछले दो सत्रों में भी विद्यार्थियों को विषय बदलकर नामांकन का अवसर दिया गया था. विद्यार्थियों ने पहले आवेदन किए गए विषय की जगह उपलब्ध सीट वाले दूसरे विषय में दाखिला लिया था. इस बार भी ऐसी व्यवस्था लागू होने की संभावना है.

कॉलेजों में एक जुलाई से चल रही हैं कक्षाएं

छात्र कल्याण विभाग के अध्यक्ष डॉ राणा विक्रम सिंह ने बताया कि सभी कॉलेजों में एक जुलाई से नियमित वर्ग संचालन हो रहा है. कॉलेजों के नोटिस बोर्ड पर कक्षा संचालन से संबंधित जानकारी और रूटीन प्रकाशित कर दिया गया है.

छात्रों की कम उपस्थिति पर कॉलेजों को निर्देश

विश्वविद्यालय स्तर पर कॉलेजों में चल रही कक्षाओं की मॉनिटरिंग भी करायी जा रही है. फिलहाल कई कॉलेजों में विद्यार्थियों की उपस्थिति कम है. इसको लेकर सभी प्राचार्यों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं.

अभिभावकों के साथ संगोष्ठी कराने की तैयारी

कॉलेजों में विद्यार्थियों की उपस्थिति बढ़ाने के लिए शिक्षकों, छात्रों और अभिभावकों के साथ संगोष्ठी आयोजित करने का निर्देश दिया गया है. इसमें अभिभावकों से अपने बच्चों को नियमित रूप से कॉलेज भेजने की अपील की जाएगी.

Also Read : सारण के बनियापुर में समूह लोन के नाम पर सैकड़ों महिलाओं से लाखों की ठगी, ऑफिस में ताला लगाकर फरार


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By प्रभात किरण हिमांशु

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >