JPU PG Admission: दूसरी मेधा सूची लगभग तैयार, 3250 सीटों पर होगा दाखिला, छपरा, सीवान और गोपालगंज में पर्याप्त सीटें

जयप्रकाश विश्वविद्यालय पीजी सत्र 2026-28 में रिक्त 3250 सीटों पर नामांकन के लिए जल्द ही दूसरी मेधा सूची जारी करेगा। वेरिफिकेशन प्रक्रिया अंतिम चरण में है।

Saran News : जयप्रकाश विश्वविद्यालय के अंतर्गत पीजी सत्र 2026-28 में नामांकन के लिए दूसरी मेधा सूची तैयार करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गयी है. विश्वविद्यालय छात्र कल्याण विभाग के अनुसार अधिकांश आवेदनों का वेरिफिकेशन पूरा हो चुका है, जबकि कुछ लंबित आवेदनों की जांच अभी जारी है. वेरिफिकेशन पूरा होते ही एक-दो दिनों में दूसरी मेधा सूची जारी की जा सकती है.

3250 खाली सीटों पर होगा नामांकन

छात्र कल्याण विभाग के अध्यक्ष डॉ. राणा विक्रम सिंह ने बताया कि पीजी सत्र 2026-28 में 17 विषयों की कुल 5200 सीटों पर नामांकन होना है. पहली मेधा सूची के आधार पर 1950 सीटों पर नामांकन हो चुका है. इसके बाद 3250 सीटें रिक्त हैं, जिन पर दाखिले के लिए दूसरी मेधा सूची तैयार की जा रही है.

नये आवेदनों का वेरिफिकेशन जारी

दूसरी मेधा सूची जारी करने से पहले छात्रों को पीजी में नामांकन के लिए दोबारा आवेदन करने का अवसर दिया गया था. कई छात्रों ने नये सिरे से आवेदन किया है. इन्हीं आवेदनों का वेरिफिकेशन फिलहाल चल रहा है. पूर्व में प्राप्त सभी आवेदनों का वेरिफिकेशन पूरा हो चुका है.

कॉलेज विकल्प और आरक्षण रोस्टर से बनेगी मेरिट लिस्ट

दूसरी मेधा सूची छात्रों द्वारा आवेदन के समय दिये गये कॉलेज चयन के विकल्प और आरक्षण रोस्टर के आधार पर तैयार की जा रही है. छात्रों ने आवेदन करते समय तीन कॉलेजों का विकल्प दिया है. इन्हीं विकल्पों में से किसी एक कॉलेज का आवंटन किया जायेगा.

छपरा, सीवान और गोपालगंज में पर्याप्त सीटें

डॉ. राणा विक्रम सिंह ने बताया कि छपरा, सीवान और गोपालगंज के पीजी कॉलेजों के साथ विश्वविद्यालय के अंतर्गत संचालित सभी 17 पीजी विभागों में पर्याप्त सीट उपलब्ध है. ऐसे में छात्रों को नामांकन को लेकर अधिक परेशानी नहीं होगी.

नये रेगुलेशन से छात्रों को मिला अतिरिक्त विकल्प

इस वर्ष स्नातक और पीजी में नये रेगुलेशन के तहत आवेदन लिया गया है. इसके तहत छात्र-छात्राएं स्नातक के ऑनर्स विषय के साथ सब्सिडियरी विषय को भी पीजी के मुख्य विषय के रूप में शामिल कर सकते हैं. प्रमंडल के कई कॉलेजों में इस वर्ष पीजी विषयों की पढ़ाई भी शुरू की गयी है. इससे ग्रामीण क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को अपने आसपास ही उच्च शिक्षा जारी रखने में सुविधा मिलेगी.

पहली मेधा सूची के छात्रों की कक्षाएं शुरू

पहली मेधा सूची में शामिल जिन छात्र-छात्राओं का नामांकन हो चुका है, उनकी कक्षाएं संचालित हो रही हैं. दूसरी मेधा सूची जारी होने के बाद रिक्त सीटों पर नामांकन प्रक्रिया आगे बढ़ेगी.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By प्रभात किरण हिमांशु

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >