छपरा. छपरा कचहरी स्टेशन की जीआरपी थाना पुलिस ने प्लेटफॉर्म संख्या दो स्थित फ्लाइओवर ब्रिज के नीचे छापेमारी कर उत्पाद विभाग के फर्जी अधिकारी बनकर शराब की सप्लाइ करने तथा शराब लेकर यात्रा कर रहे यात्रियों से कार्रवाई के नाम पर वसूली करने वाले दो शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के उमानगर मुहल्ला निवासी रामेश्वर सिंह के पुत्र गुरुचरण सिंह व उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के बैरिया थाना क्षेत्र निवासी बलवान यादव के पुत्र नीतीश कुमार यादव के रूप में हुई है. दोनों के पास से पुलिस ने कुल 8.250 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की है. पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ है कि दोनों आरोपी खुद को एक्साइज अधिकारी बताकर उत्तर प्रदेश से आने वाली ट्रेनों में यात्रियों को झांसा देते थे. वे विशेष रूप से बैरिया स्थित शराब दुकानों से शराब लेकर यात्रा करने वाले लोगों को निशाना बनाते थे और जांच के नाम पर उन्हें छपरा जंक्शन या छपरा कचहरी स्टेशन पर उतार लेते थे. इसके बाद मौका देखकर शराब अपने कब्जे में लेकर फरार हो जाते थे. यह गिरोह लंबे समय से इस तरह की वारदातों को अंजाम दे रहा था और यात्रियों में भय पैदा कर अवैध वसूली भी करता था. इस संबंध में जीआरपी थानाध्यक्ष शैलेश कुमार तिवारी ने बताया कि दोनों आरोपित शातिर किस्म के हैं और इनके आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है. दोनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. कचहरी स्टेशन पर गिरफ्तारी के बाद उत्पाद विभाग की टीम भी पूछताछ के लिए जीआरपी थाने पहुंची. थानाध्यक्ष द्वारा सूचना दिए जाने पर देर शाम उत्पाद विभाग के इंस्पेक्टर सुरेश कुमार चौधरी दलबल के साथ पहुंचे और गिरफ्तार तस्करों से गहन पूछताछ की. पूछताछ में खुलासा हुआ कि इस अवैध धंधे के पीछे एक निजी चालक की भूमिका है, जो पूर्व में उत्पाद विभाग में कार्यरत रह चुका है. उसी के माध्यम से पूरा नेटवर्क सुनियोजित तरीके से संचालित किया जा रहा था. फिलहाल पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य सदस्यों की पहचान में जुटी हुई है.
फर्जी उत्पाद अधिकारी बनकर वसूली करने वाले दो शराब तस्कर गिरफ्तार
छपरा कचहरी स्टेशन की जीआरपी थाना पुलिस ने प्लेटफॉर्म संख्या दो स्थित फ्लाइओवर ब्रिज के नीचे छापेमारी कर उत्पाद विभाग के फर्जी अधिकारी बनकर शराब की सप्लाइ करने तथा शराब लेकर यात्रा कर रहे यात्रियों से कार्रवाई के नाम पर वसूली करने वाले दो शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है.
