Saran Lichchhavi Express Accident : सारण जिले के पूर्वोत्तर रेलवे के दाउदपुर स्टेशन के पश्चिमी आउटर के समीप शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में ट्रेन की चपेट में आने से पांच वर्षीय जुड़वा भाइयों की मौत हो गई. मृत बच्चों की पहचान दाउदपुर चट्टी निवासी भुखल नट के जुड़वा पुत्र सूर्या कुमार और सागर कुमार के रूप में हुई है. घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसर गया.
खेलते-खेलते पहुंच गए रेलवे ट्रैक पर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों बच्चे खेलते-खेलते एक-दूसरे का हाथ पकड़कर रेलवे ट्रैक पर पहुंच गए. उसी दौरान छपरा से एकमा की ओर जा रही लिच्छवी एक्सप्रेस वहां से गुजर रही थी. ट्रेन की चपेट में आने से दोनों बच्चों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई.
घटना के बाद मची अफरा-तफरी,जीआरपी ने शुरू की जांच
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई. देखते ही देखते बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए. सूचना मिलने पर परिजन भी वहां पहुंचे, जहां दोनों बच्चों के शव देखकर उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया. घटना की सूचना मिलते ही स्टेशन मास्टर ने जीआरपी को जानकारी दी. इसके बाद जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की. पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच में जुटी है.
मुखिया भी पहुंचे, परिजनों को सौंपे गए शव
घटना की जानकारी मिलने पर पंचायत के मुखिया अभिषेक सिंह भी मौके पर पहुंचे और शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया. कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद जीआरपी ने दोनों बच्चों के शव परिजनों को सौंप दिए. जुड़वा भाइयों की एक साथ हुई मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है.
