परसा. बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू होने के बावजूद शराब तस्करों द्वारा अवैध रूप से शराब की तस्करी का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. इसी क्रम में गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने थाना क्षेत्र के बभनगांव गांव में छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की है. प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि बभनगांव गांव में अवैध रूप से देसी शराब का भंडारण व बिक्री की जा रही है. सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित स्थान पर छापेमारी की. इस दौरान पुलिस ने मौके से 14 लीटर देसी शराब बरामद की तथा एक शराब तस्कर को गिरफ्तार किया. गिरफ्तार तस्कर की पहचान थाना क्षेत्र के बभनगांव गांव निवासी कालेश्वर ठाकुर के पुत्र रूपेश कुमार के रूप में की गयी है. पुलिस ने बरामद शराब को जब्त कर लिया है तथा आरोपित के खिलाफ बिहार उत्पाद एवं मद्य निषेध अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है. पुलिस के अनुसार आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद गिरफ्तार आरोपित को रविवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. थाना प्रभारी ने बताया कि शराब तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह के अवैध कार्यों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जायेगी. पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि शराब से संबंधित किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
