कड़ी सुरक्षा के बीच जिले में संपन्न हुई सीटेट की परीक्षा

जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर केन्द्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (सीटेट) शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई.

छपरा. जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर केन्द्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (सीटेट) शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई. कड़ी सुरक्षा व्यवस्था, सख्त जांच और निर्धारित दिशा-निर्देशों के बीच आयोजित इस परीक्षा में 85 प्रतिशत से अधिक परीक्षार्थियों की उपस्थिति दर्ज की गयी. परीक्षा केंद्रों से बाहर निकलते अभ्यर्थियों के चेहरों पर राहत और चिंता का मिला-जुला भाव दिखा. परीक्षार्थियों के अनुसार पेपर-टू अपेक्षाकृत कठिन रहा, जबकि पेपर-वन का स्तर मिलाजुला था. भाषा के दोनों पेपर में कई अभ्यर्थियों को थोड़ी कठिनाई महसूस हुई. वहीं बाल शास्त्र के प्रश्न अपेक्षाकृत आसान बताए गए, जिससे अभ्यर्थियों को राहत मिली. कुछ परीक्षार्थियों ने समय प्रबंधन को चुनौतीपूर्ण बताया, हालांकि अधिकांश का कहना था कि प्रश्न सिलेबस के दायरे में ही थे. अच्छी तैयारी के साथ परीक्षा में शामिल होने वालों के लिए पेपर आसान रहा, जबकि बिना तैयारी पहुंचे अभ्यर्थियों को कठिनाई का सामना करना पड़ा. एक अभ्यर्थी ने बताया कि यह उनका दूसरा प्रयास था और इस बार कुछ प्रश्न कठिन जरूर थे, लेकिन कुल मिलाकर पेपर संतुलित रहा.परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये थे.गहन तलाशी के बाद ही अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया गया. कुछ केंद्रों पर आधार कार्ड मिसमैच की शिकायत भी सामने आई, हालांकि इससे परीक्षा प्रक्रिया पर कोई खास असर नहीं पड़ा. सीबीएसइ द्वारा पहले से जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार अभ्यर्थियों को अपनी परीक्षा तिथि और समय का विशेष ध्यान रखने को कहा गया था. बोर्ड ने स्पष्ट किया था कि परीक्षा शुरू होने के बाद किसी भी स्थिति में प्रवेश नहीं दिया जायेगा.फिविलगंज स्थित गौतम ऋषि उच्च विद्यालय के प्राचार्य सह केंद्राधीक्षक अभय कुमार सिंह ने बताया कि जिला प्रशासन और सीबीएसई के दिशा-निर्देशों के अनुरूप परीक्षा का आयोजन किया गया. उन्होंने कहा कि एडमिट कार्ड के साथ मां के नाम का मिलान अनिवार्य रूप से किया गया और पूरी परीक्षा प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ALOK KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >