सीसीटीवी कैमरे से होगी कचहरी स्टेशन की निगरानी, बढ़ेगी चौकसी

छपरा कचहरी स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में रेल प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है. अब स्टेशन परिसर की निगरानी सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की जायेगी.

छपरा. छपरा कचहरी स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में रेल प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है. अब स्टेशन परिसर की निगरानी सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की जायेगी. सबसे बड़ी बात यह है कि कचहरी स्टेशन पर अब तक सुरक्षा की दृष्टिकोण से एक भी कैमरा नहीं लगाया गया था. आगामी एक सप्ताह के भीतर स्टेशन के सभी मुख्य द्वारों के साथ-साथ ऊपरगामी पुल पर लगे कैमरे पूरी तरह संचालित होंगे. फिलहाल छपरा कचहरी स्टेशन पर कुल 15 सीसीटीवी कैमरे लगाये जा रहे हैं. इनमें 13 अत्याधुनिक बुलेट कैमरे शामिल हैं, जो स्टेशन के विभिन्न हिस्सों पर स्थायी रूप से नजर रखेंगे. इसके अलावा दो पीटीजेड पैन-टिल्ट-जूम कैमरे लगाये गये हैं, जो चारों दिशाओं में घूमकर व्यापक क्षेत्र की निगरानी रखेंगे. इन पीटीजेड कैमरों की खासियत यह है कि संदिग्ध गतिविधि दिखने पर इन्हें तुरंत उस दिशा में घुमाकर जूम किया जा सकता है, जिससे हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा सके. रेल प्रशासन द्वारा सर्कुलेटिंग एरिया में भी एक विशेष कैमरा लगाया गया है. यह कैमरा स्टेशन के बाहरी हिस्से में सक्रिय असामाजिक तत्वों, संदिग्ध व्यक्तियों और अव्यवस्थित गतिविधियों पर नजर रखेगा. इससे यात्रियों की सुरक्षा के साथ-साथ स्टेशन परिसर में अनुशासन बनाये रखने में भी मदद मिलेगी. सीसीटीवी कैमरों की मॉनीटरिंग सीवान जंक्शन के कंट्रोल रूम से की जायेगी, जिससे किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई संभव हो सकेगी. स्टेशन पर चोरी, छिनतई और असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगेगी.

सीवान से मॉनीटरिंग को लेकर असमंजस की स्थिति

छपरा कचहरी स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लगाये जा रहे सीसीटीवी कैमरों को कचहरी स्टेशन पर लगाया तो जा रहा है. लेकिन उनकी निगरानी सीवान से की जायेगी. जिस कारण जीआरपी असमंजस की स्थिति में बनी हुई है. सुरक्षा के लिहाज से यह सवाल उठ रहा है कि जब घटनास्थल छपरा में है तो कैमरों का कंट्रोल भी यहीं क्यों नहीं रखा गया. इस संबंध में जीआरपी कचहरी थानाध्यक्ष शैलेश कुमार तिवारी ने बताया कि यदि इन कैमरों की कंट्रोलिंग पावर छपरा से होती तो किसी भी आपराधिक घटना पर तुरंत नजर रखी जा सकती थी. उन्होंने कहा कि लाइव मॉनिटरिंग छपरा में होने से तत्काल कार्रवाई संभव होती और अपराधियों की पहचान भी तेजी से की जा सकती थी.

संवेदनशील रहा है कचहरी स्टेशन का इलाका

विदित हो कि छपरा कचहरी स्टेशन के आसपास सर्कुलेटिंग एरिया हमेशा से ही संवेदनशील रहा है. आये दिन यहां छोटी बड़ी आपराधिक घटनाएं होती रहती हैं. खासकर कचहरी स्टेशन के सटे पुराने सांढा ढ़ाला इलाके में फुट ओवरब्रिज के नीचे चोरी, छिनतई, चाकूबाजी आदि की घटनाएं आम हैं. अब सीसीटीवी से स्टेशन परिसर व आसपास निगरानी बढ़ जाने से इन आपराधिक गतिविधियों पर भी अंकुश लगेगी और यात्रियों व सर्कुलेटिंग एरिया से होकर गुजरने वाले लोगों की सुरक्षा भी बढ़ जायेगी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Alok kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >