Saran News : सारण स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के शिक्षक नेता समरेंद्र बहादुर सिंह ने बिहार में कार्यरत शिक्षकों को सातवें वेतन आयोग की अनुशंसाओं के अनुरूप पूर्ण वेतनमान देने की मांग मुख्यमंत्री से की है. उन्होंने कहा कि शिक्षक वर्षों से शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और विद्यार्थियों के बेहतर भविष्य के निर्माण में पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपना दायित्व निभा रहे हैं.
शिक्षकों को मिले न्यायसंगत वेतनमान
समरेंद्र बहादुर सिंह ने शिक्षकों की मांग का पुरजोर समर्थन करते हुए कहा कि लगातार बढ़ती जिम्मेदारियों और महंगाई के दौर में शिक्षकों को सम्मानजनक और न्यायसंगत वेतनमान मिलना उनका अधिकार है. उन्होंने मुख्यमंत्री से इस दिशा में शीघ्र सकारात्मक पहल करने का आग्रह किया.
डिजिटल अभियान से दिखी शिक्षकों की एकजुटता
उन्होंने कहा कि 30 अगस्त को शिक्षकों की ओर से चलाया गया डिजिटल अभियान वैश्विक स्तर पर प्रथम स्थान पर ट्रेंड हुआ. यह अभियान शिक्षकों की मजबूत भावना और सातवें वेतनमान की मांग की व्यापकता को दर्शाता है.
बिहार शिक्षक मंच ने जताया आभार
समरेंद्र बहादुर सिंह ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि शिक्षकों की लंबे समय से लंबित और न्यायोचित मांग पर सकारात्मक निर्णय लेते हुए सातवें वेतनमान का लाभ देने की दिशा में जल्द पहल की जाए. इधर, बिहार शिक्षक मंच ने शिक्षकों की मांग का समर्थन करने के लिए समरेंद्र सिंह का धन्यवाद ज्ञापित किया. मंच ने कहा कि सातवें वेतनमान की लड़ाई में उनका साथ शिक्षकों के संघर्ष को मजबूती प्रदान करेगा.
इस मौके पर शिक्षक नेता जलालुद्दीन, संजय यादव, सत्यनारायण साह, विनोद राय, हवलदार मांझी, अनुज यादव, इंद्रजीत महतो, निजाम अहमद, रणजीत सिंह, पीयूष तिवारी, जितेंद्र सिंह, पिंटू रंजन, सुभाष द्विवेदी, महेश बाबू चौधरी, अशोक यादव, एहसान अंसारी, मंटू मिश्रा, विनायक यादव, अनिल दास, सूर्यदेव सिंह, रविंद्र ठाकुर, राहुल कुमार सहित कई शिक्षक मौजूद थे.
