Saran News: तरैया थाना क्षेत्र के चंचलिया दियारा में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गन्ने के खेत में छिपाकर रखी गई 754 लीटर देसी शराब स्प्रिट बरामद की है. मौके से एक शराब तस्कर को गिरफ्तार किया गया, जबकि दो अन्य तस्कर पुलिस को चकमा देकर बाइक से फरार हो गए. पुलिस ने एक बाइक भी जब्त की है.
इस संबंध में एसआई अंजेश कुमार सिंह के बयान पर तरैया थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है. दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, पुलिस शराब के विरुद्ध छापेमारी अभियान पर निकली थी. इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि चंचलिया गांव निवासी उपेंद्र राय पुराना बांध के पूर्व स्थित दियारा क्षेत्र में गन्ने के खेत में भारी मात्रा में देसी शराब स्प्रिट छिपाकर रख रहा है.
सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो दो बाइक पर सवार तीन लोग पुलिस को देखकर भागने लगे. पुलिस ने पीछा कर एक बाइक सवार को पकड़ लिया, जबकि दो अन्य आरोपी फरार हो गए.
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजधानी गांव निवासी सफी अहमद के पुत्र अरबाज खान के रूप में हुई है. पूछताछ में उसने फरार आरोपितों की पहचान चंचलिया गांव निवासी उपेंद्र राय और प्रवीण कुमार के रूप में की है.
पुलिस ने गन्ने के खेत से एचपी इनकोल 68 सुपीरियर हाइड्रोलिक ऑयल की 26-26 लीटर क्षमता वाली 29 बाल्टियों में भरी कुल 754 लीटर देसी शराब स्प्रिट बरामद की. वहीं, अरबाज खान को एक स्प्लेंडर बाइक के साथ गिरफ्तार किया गया.
तरैया थानाध्यक्ष धीरज कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. फरार शराब तस्करों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
इसे भी पढ़ें: बिहार में शिक्षकों के लिए नई एसओपी जारी, ट्रांसफर से पहले ये 5 बातें जानना जरूरी
