सारण के तरैया में गूगल पे कस्टमर केयर के नाम पर 59 हजार की साइबर ठगी, मोबाइल हैंग कर खाते से उड़ाए रुपये

सारण के तरैया में एक व्यक्ति के साथ गूगल पे कस्टमर केयर के नाम पर 59 हजार रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है. ठगों ने मोबाइल हैंग कर खाते से पैसे निकाल लिए. पुलिस जांच में जुटी है.

Saran News: तरैया थाना क्षेत्र के भटगाई गांव निवासी एक व्यक्ति के साथ गूगल पे कस्टमर केयर के नाम पर 59 हजार रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है. ठगों ने कथित कस्टमर केयर नंबर के जरिए मोबाइल फोन को हैंग कर पीड़ित के बैंक खाते से कई ट्रांजैक्शन में रुपये निकाल लिए. पीड़ित की शिकायत पर तरैया थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

कस्टमर केयर के बहाने जाल में फंसाया

भटगाई गांव निवासी रवि रंजन मिश्रा ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि गूगल पे से संबंधित समस्या आने पर उन्होंने इंटरनेट के माध्यम से कस्टमर केयर से संपर्क करने का प्रयास किया. इस दौरान उन्हें एक मोबाइल नंबर दिया गया. जैसे ही उन्होंने उस नंबर पर कॉल किया, उनका मोबाइल अचानक हैंग हो गया और कुछ देर तक कोई भी कमांड काम नहीं कर रही थी.

मोबाइल हैंग होते ही खाते से उड़ गए 59 हजार रुपये

पीड़ित के अनुसार, मोबाइल हैंग होने के दौरान ही गूगल पे से लिंक पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) की नारायणपुर शाखा स्थित उनके खाते से अलग-अलग ट्रांजैक्शन के माध्यम से कुल 59 हजार रुपये की निकासी कर ली गई. मोबाइल सामान्य होने के बाद खाते की जानकारी देखने पर ठगी का पता चला.

1930 हेल्पलाइन पर तत्काल दर्ज कराई शिकायत

घटना की जानकारी मिलते ही रवि रंजन मिश्रा ने राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराई. इसके बाद उन्होंने साइबर पोर्टल पर भी शिकायत की प्रक्रिया पूरी की और फिर तरैया थाना पहुंचकर प्राथमिकी दर्ज कराई. हालांकि अब तक उनके खाते में राशि वापस नहीं आ सकी है.

पुलिस जुटी तकनीकी जांच में

तरैया थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस साइबर सेल की मदद से ट्रांजैक्शन का विवरण, संबंधित मोबाइल नंबर, बैंक खाते और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है. आरोपितों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं.

ऐसे साइबर ठगी से बचें

  • गूगल या सोशल मीडिया पर मिले किसी भी कस्टमर केयर नंबर पर सीधे भरोसा न करें.
  • केवल संबंधित बैंक या ऐप की आधिकारिक वेबसाइट और ऐप से ही कस्टमर केयर नंबर प्राप्त करें.
  • किसी भी अनजान व्यक्ति को स्क्रीन शेयर, ओटीपी, यूपीआई पिन या बैंक संबंधी जानकारी न दें.
  • मोबाइल में कोई संदिग्ध ऐप डाउनलोड न करें.
  • ठगी की आशंका होने पर तुरंत बैंक का कार्ड/यूपीआई ब्लॉक कराएं और 1930 हेल्पलाइन या राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें.

लगातार बढ़ रहे हैं साइबर ठगी के मामले

हाल के दिनों में कस्टमर केयर, केवाईसी अपडेट, बिजली बिल, पार्सल और बैंक अधिकारी बनकर साइबर अपराधियों द्वारा लोगों को ठगी का शिकार बनाया जा रहा है. पुलिस लोगों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध कॉल या लिंक से बचने की अपील कर रही है.

Also Read: बांकीपुर जीतने के बाद क्या करेंगे प्रशांत किशोर, जानिए जन सुराज का अगला प्लान


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मनोज कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >