तरैया में बारातियों से भरी बस पलटी. एक की मौत, आधा दर्जन घायल

Saran News : तरैया-मशरक स्टेट हाईवे पर गंडार गांव में एक दुखद हादसा हुआ. बारातियों से भरी बस अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसमें एक व्यक्ति की जान चली गई और कई अन्य घायल हो गए. स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया.

Saran News : तरैया-मशरक स्टेट हाईवे पर गंडार गांव स्थित घुमावदार सड़क पर बना ब्रेकर एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ. रविवार रात करीब 9 बजे बारातियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई. हादसे में एक बराती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. बस में सवार लगभग सभी यात्रियों को चोटें आई हैं.

वैशाली से गोपालगंज जा रही थी बारात

जानकारी के अनुसार वैशाली जिले के गोरौल थाना क्षेत्र के विशुनपुर अनर्रा गांव से बारात गोपालगंज जिले के जगदीशपुर जा रही थी. इसी दौरान तरैया थाना क्षेत्र के गंडार गांव के समीप घुमावदार सड़क पर बने ब्रेकर पर बस का संतुलन बिगड़ गया. बस सड़क किनारे नीम के पेड़ और बिजली के खंभे को तोड़ते हुए पलट गई.

एक बराती की मौके पर मौत, कई घायल

हादसे में वैशाली जिले के गोरौल थाना क्षेत्र के विशुनपुर अनर्रा गांव निवासी मो. तस्लीम के 46 वर्षीय पुत्र मो. असगर की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं एकलाख अहमद, मो. स्विफुल, मो. सदाम, मो. खुर्शीद समेत आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. सभी घायलों को तरैया रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया.

बस पलटते ही मची अफरा-तफरी

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस पलटते ही उसमें सवार बराती एक-दूसरे के नीचे दब गए, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई. हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया.

जेसीबी की मदद से निकाले गए यात्री

ग्रामीणों ने डायल 112 और तरैया थाना पुलिस को घटना की सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. जेसीबी की सहायता से ग्रामीणों और पुलिस ने बस के नीचे दबे मो. सदाम को सुरक्षित बाहर निकाला.

पुलिस जांच में जुटी

पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है. समाचार लिखे जाने तक दुर्घटनाग्रस्त बस घटनास्थल पर ही मौजूद थी.

Also Read : 13 साल पुराने अपहरण मामले के फरार आरोपी के घर कुर्की, गोपालगंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई



प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Manoj kumar

Published by: Yuvraj Ratan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >