Saran News : भीम आर्मी, भारत एकता मिशन, आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) सारण और आइसा के संयुक्त नेतृत्व में शनिवार को छात्रों के विभिन्न मुद्दों को लेकर शांतिपूर्ण पदयात्रा और विरोध-प्रदर्शन किया गया. पदयात्रा के दौरान प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का प्रतीकात्मक पुतला दहन कर उनके इस्तीफे की मांग की. साथ ही जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन भी सौंपा गया.
अंबेडकर भवन से नगरपालिका चौक तक निकाली पदयात्रा
प्रदर्शन की शुरुआत अंबेडकर भवन, छपरा से हुई. इसके बाद पदयात्रा डाकबंगला रोड और नगर थाना चौक होते हुए नगरपालिका चौक पहुंची. यहां प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का प्रतीकात्मक पुतला दहन कर विरोध जताया.
राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन, उठाईं कई मांगें
प्रदर्शनकारियों ने जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपते हुए दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों पर हुए लाठीचार्ज की निंदा की. उन्होंने छात्रों पर दर्ज मुकदमों को वापस लेने, प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार हो रहे पेपर लीक की निष्पक्ष जांच कराने, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, पेपर लीक से प्रभावित परिवारों को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता, शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने तथा युवाओं को सम्मानजनक रोजगार उपलब्ध कराने की मांग की.
सभा में केंद्र सरकार पर लगाए आरोप
सभा को संबोधित करते हुए आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) सारण के जिलाध्यक्ष शेख नौशाद ने कहा कि देश में अघोषित आपातकाल जैसी स्थिति बनी हुई है. उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र में भाजपा सरकार बनने के बाद किसान, नौजवान, मजदूर, पहलवान, व्यवसायी और कर्मचारी सहित विभिन्न वर्गों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है.
बड़ी संख्या में कार्यकर्ता हुए शामिल
प्रदर्शन में भीम आर्मी के जिला संयोजक राजेंद्र रौशन, कुणाल कौशिक, सुबोध कुमार, अवध कुमार, गुड्डू आजाद, सरताज खान, सोनू कुमार, अमन यादव, आदित्य कुमार, कुंदन पासवान, आर्यन कुमार, अंकित राम, अंशु कुमार, चंदन चमार, सरोज गोंड, मुन्ना कुमार राम, असगर अली, विकास तिवारी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए.
