Sonpur Mela 2026: विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेले की पहली बैठक संपन्न होने के बाद अब मेले की तैयारियों को गति देने की कवायद शुरू हो गयी है. मेले के आयोजन में करीब 80 दिन शेष हैं और जिला प्रशासन इतने कम समय में आयोजन की सभी तैयारियां पूरी करने में जुट गया है. जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने पहली बैठक में ही मेले को बेहतर और आकर्षक स्वरूप देने को लेकर अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कर दी हैं. इस बार मेला व्यवस्था से लेकर इवेंट और श्रद्धालुओं की सुविधाओं तक कई स्तरों पर बदलाव की तैयारी है.
सितंबर के अंत तक पूरी होगी टेंडर प्रक्रिया
जिला प्रशासन के अधिकारियों के अनुसार मेले के आयोजन से जुड़ी महत्वपूर्ण तैयारियां पहले ही शुरू कर दी जाएंगी, ताकि अंतिम समय में किसी तरह की परेशानी नहीं हो. इसी क्रम में टेंडर प्रक्रिया को प्राथमिकता दी जा रही है.
अधिकारियों के अनुसार सितंबर के अंतिम सप्ताह तक टेंडर की प्रक्रिया पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है. सितंबर के अंत तक चयनित एजेंसी को संबंधित कार्यों की जिम्मेदारी सौंपे जाने की संभावना है. इससे अक्टूबर में मेले की तैयारियों को तेजी से आगे बढ़ाया जा सकेगा.
इस बार मेले को मिलेगा अलग लुक
हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला 2026 को पिछले आयोजनों की तुलना में अलग और बेहतर स्वरूप देने की तैयारी की जा रही है. प्रशासन की कोशिश है कि मेले में होने वाली व्यवस्थाएं और इवेंट बेहतर स्तर के हों. देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर रहेगा.
यातायात व्यवस्था, स्नान घाट, सुरक्षा, साफ-सफाई, पेयजल, व्यापारियों के लिए सुविधाएं और मनोरंजन के साधनों को बेहतर तरीके से व्यवस्थित करने की योजना बनायी जा रही है. मेले में आने वाले बाहर के व्यापारियों के लिए भी बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने की तैयारी है.
पर्यटन विभाग भी अक्टूबर तक पूरा करेगा अपना काम
मेले की तैयारियों में पर्यटन विभाग की भी महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी. अधिकारियों के अनुसार पर्यटन विभाग अपने हिस्से के कार्य समय पर पूरा करने की तैयारी में है. इन कार्यों को अक्टूबर के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य रखा जा रहा है.
जिलाधिकारी ने मेले की तैयारियों को लेकर संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर उन्हें अलग-अलग जिम्मेदारियां भी सौंप दी हैं. अब सभी विभागों को निर्धारित समयसीमा में काम पूरा करने पर जोर दिया जा रहा है.
जल्द होगा कोषांगों का गठन
हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेले के आयोजन में करीब 80 दिन ही शेष हैं. ऐसे में जिला प्रशासन जल्द ही अलग-अलग कोषांगों का गठन करने की तैयारी में है. प्रत्येक कोषांग के लिए वरीय और नोडल पदाधिकारी नामित किए जाएंगे. साथ ही सहयोगी पदाधिकारियों को भी जिम्मेदारी दी जाएगी.
मेले के लिए स्वागत समिति, उद्घाटन एवं समापन समारोह, सांस्कृतिक कार्यक्रम, साफ-सफाई एवं पेयजल आपूर्ति, बैरिकेडिंग, स्नान घाट एवं सुरक्षा, अस्थायी विद्युतीकरण, प्रदर्शनी एवं दुकानों की मॉनिटरिंग, आउटडोर कार्यक्रम, चिकित्सा व्यवस्था, विधि-व्यवस्था, प्रचार-प्रसार, सीएसआर और स्मारिका प्रकाशन समेत अलग-अलग कोषांग बनाए जाने की तैयारी है.
23 नवंबर से शुरू होगा हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला
पहली बैठक में अधिकारियों को बताया गया था कि हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला 2026 का आयोजन 23 नवंबर से शुरू होना है. ऐसे में प्रशासन के पास तैयारियों के लिए करीब 80 दिन का समय है. अब टेंडर, कोषांग गठन और विभागवार कार्ययोजना को समय पर पूरा करना प्रशासन की प्राथमिकता बन गयी है.
इसे भी पढ़ें: गोपालगंज में एयरपोर्ट का सपना होगा साकार? 517 एकड़ जमीन से अतिक्रमण हटा, अब अगला कदम क्या?
