छपरा: श्यामचक आरओबी पर सुरक्षा इंतजाम होंगे मजबूत, एक सप्ताह में बनेगा स्पीड ब्रेकर

छपरा के श्यामचक रेल ओवर ब्रिज पर लगातार हो रहे हादसों को देखते हुए नेशनल हाईवे विभाग ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने का फैसला किया है। तीखे मोड़ों पर स्पीड ब्रेकर और संवेदनशील हिस्सों पर लोहे की जाली लगाई जाएगी।

Chhapra News: छपरा नगर निगम क्षेत्र के श्यामचक रेल ओवर ब्रिज पर लगातार हो रहे हादसों को लेकर खबर प्रकाशित होने के बाद नेशनल हाईवे विभाग हरकत में आ गया है. पुल के तीखे मोड़ पर दुर्घटनाओं को रोकने के लिए विभाग ने त्वरित कार्रवाई का निर्णय लिया है. इसके तहत आगामी एक सप्ताह के भीतर पुल पर स्टैंडर्ड स्पीड ब्रेकर बनाये जायेंगे. साथ ही सबसे संवेदनशील हिस्से की रेलिंग पर लोहे की जाली लगाने की प्रशासनिक प्रक्रिया भी शुरू कर दी गयी है.

लगेंगी 78 स्ट्रीट लाइटें

नेशनल हाईवे के अधिकारियों के अनुसार, सड़क सुरक्षा बढ़ाने और रात्रिकालीन हादसों में कमी लाने के लिए आरओबी पर विशेष स्ट्रीट लाइट लगाई जाएगी. इसके लिए 75 से 78 स्ट्रीट लाइट लगाने का तकनीकी एस्टीमेट पूरी तरह तैयार कर लिया गया है. इस मद में एक करोड़ रुपये से अधिक खर्च होने का अनुमान है. चूंकि यह स्वीकृति केंद्र सरकार के स्तर से मिलनी है, इसलिए एस्टीमेट को स्वीकृति के लिए केंद्र को भेजा गया है. मंजूरी मिलते ही लाइट लगाने का कार्य शुरू किया जायेगा.

डीएम के निर्देश पर कार्रवाई

शुक्रवार के अंक में "श्यामचक आरओबी बना डेथ ट्रैप, तीखे यू-टर्न व सुरक्षा चूक से नहीं थम रहे हादसे" शीर्षक से प्रमुखता से खबर प्रकाशित की गई थी. इसके बाद जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने मामले को गंभीरता से लेते हुए निर्देश जारी किए, जिसके बाद नेशनल हाइवे विभाग ने धरातल पर कार्रवाई शुरू कर दी. तीखे मोड़ों से सुरक्षित निकासी के लिए पुल पर रेलवे की तर्ज पर 8 से 10 स्टेप वाले स्पीड ब्रेकर बनाये जायेंगे.

कार्यपालक अभियंता का बयान

नेशनल हाइवे के कार्यपालक अभियंता अनुज कुमार ने बताया कि रेल ओवरब्रिज पर एक सप्ताह के अंदर स्पीड ब्रेकर बनाये जायेंगे, ताकि पुल पर चढ़ने के बाद नियंत्रित स्पीड में लोग यहां से गुजरें. स्पीड ब्रेकर बन जायेगा, तो सुरक्षा से जुड़ी यह समस्या काफी हद तक खत्म हो जायेगी. इसके साथ ही संवेदनशील मोड़ पर लोहे की जाली लगाने को लेकर भी विचार चल रहा है. जहां तक स्ट्रीट लाइट की बात है, तो एस्टीमेट तैयार करके केंद्र को भेज दिया गया है.

Also Read: सारण: जेपीयू ने जारी किया थर्ड सेमेस्टर परीक्षा कार्यक्रम, 20 जुलाई तक मिलेगा एडमिट कार्ड


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sanjay Bhardawaj

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >