Saran News: आगामी 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह को भव्य और सफल बनाने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. बुधवार को अनुमंडल कार्यालय प्रकोष्ठ में अनुमंडल पदाधिकारी निधि राज की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई. बैठक में डीएसपी सविंदर कुमार दास सहित कई प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.
बैठक में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप देने को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए.
चीनी मिल खेल मैदान में होगा मुख्य समारोह
बैठक में निर्णय लिया गया कि इस वर्ष भी राजकीय स्वतंत्रता दिवस समारोह मढ़ौरा थाना के पीछे स्थित चीनी मिल खेल मैदान में आयोजित किया जाएगा. समारोह स्थल पर ध्वजारोहण के बाद एसडीओ और एसडीपीओ संयुक्त रूप से परेड की सलामी लेंगे.
इसके अलावा अनुमंडल क्षेत्र के विभिन्न सरकारी कार्यालयों और प्रमुख स्थलों पर ध्वजारोहण के समय का भी निर्धारण किया गया.
सफाई और सजावट की जिम्मेदारी नगर पंचायत को
कार्यक्रम स्थल की साफ-सफाई और साज-सज्जा को लेकर नगर पंचायत को विशेष निर्देश दिए गए हैं. प्रशासन ने समारोह स्थल को आकर्षक बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने को कहा है.
स्कूली बच्चे निकालेंगे प्रभात फेरी, होगी झांकी
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सुबह स्कूली बच्चों द्वारा शहर में भव्य प्रभात फेरी निकाली जाएगी. इसके साथ ही समारोह में झांकी प्रदर्शन और राष्ट्रगान की प्रस्तुति की तैयारी के लिए अलग-अलग अधिकारियों और कर्मियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है.
फैंसी फुटबॉल मैच का भी होगा आयोजन
प्रशासन और आम लोगों के बीच आपसी सौहार्द और सहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से दोपहर में चीनी मिल खेल मैदान में फैंसी फुटबॉल मैच का आयोजन किया जाएगा. इसके लिए भी संबंधित अधिकारियों को पूर्व तैयारी पूरी रखने का निर्देश दिया गया है.
बैठक में कई लोग रहे मौजूद
बैठक में विधायक प्रतिनिधि अनिल सिंह, प्रधानाध्यापक सतीश प्रसाद राय, संदीप कुमार, शिक्षक प्रमोद सिंह, कांग्रेस नेता लालबाबू गिरि, जदयू नेता बलिराम सिंह, भाजपा नेता अंबिका मांझी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे.
Also Read: बांकीपुर जीतने के बाद क्या करेंगे प्रशांत किशोर, जानिए जन सुराज का अगला प्लान
