Saran News: जिले के तरैया स्थित भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के मुख्य प्रबंधक व क्षेत्रीय कार्यालय छपरा के मैनेजर एफआई के नेतृत्व में शुक्रवार को ग्राहक जागरूकता अभियान के तहत एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया. यह बैठक गवन्द्री गांव स्थित पैक्स गोदाम के सभागार में आयोजित की गई, जिसमें जीविका दीदियों और ग्राहक सेवा केंद्र (CSP) संचालकों ने हिस्सा लिया.
कम प्रीमियम में बड़ा सुरक्षा कवच: मुख्य प्रबंधक
बैठक में मुख्य रूप से प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना तथा प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना पर विस्तृत चर्चा की गई. मुख्य प्रबंधक शिल्पी ने योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि पीएम जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत ग्राहकों को मात्र 436 रुपये के सालाना प्रीमियम पर 2 लाख रुपये का जीवन बीमा मिलता है. वहीं पीएम सुरक्षा बीमा योजना के तहत महज 20 रुपये में 1 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा उपलब्ध कराया जाता है. उन्होंने एसबीआई के सभी ग्राहकों से अपील की कि वे आगे आकर इन दोनों महत्वाकांक्षी योजनाओं का लाभ जरूर उठाएं.
बंद पड़े खातों (Inoperative Accounts) को कैसे कराएं चालू?
सबीआई के क्षेत्रीय कार्यालय छपरा के मैनेजर एफआई चंद्रशेखर ने जीविका दीदियों व सीएसपी संचालकों को संबोधित करते हुए निष्क्रिय खातों (Inoperative Accounts) तथा री-केवाईसी (Re-KYC) के नियमों की बारीकियां समझाईं. उन्होंने स्पष्ट किया कि लंबे समय तक खाते से लेनदेन नहीं होने की स्थिति में खाता निष्क्रिय (बंद) हो जाता है.
यदि समय-समय पर नियमित लेनदेन जारी रहे, तो खाता कभी बंद नहीं होगा. उन्होंने बताया कि यदि किसी ग्राहक का खाता बंद हो गया है, तो वे आवश्यक पहचान और पते से जुड़े दस्तावेज जमा करके अपने खाते को पुनः सक्रिय करा सकते हैं. इसके साथ ही जीविका दीदियों से आग्रह किया गया कि वे ग्रामीण क्षेत्रों में आम खाताधारकों को बीमा योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित करें.
बैठक में ये लोग रहे मौजूद
वित्तीय समावेशन के तहत आयोजित इस जागरूकता बैठक में सीएसपी संचालक सुदीश कुमार, चन्द्रशेखर त्रिपाठी, अशोक यादव, अजय साह, विनय शंकर सहित कई अन्य सीएसपी संचालक और जीविका दीदियां प्रमुख रूप से उपस्थित रहीं.
