Saran Sugar Mill: तरैया के रामकोला फार्म में चीनी मिल लगाने के लिए जमीन चिन्हित किये जाने के बाद क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गयी है. रामकोला में जमीन चिन्हित किये जाने से जहां तरैया क्षेत्र के लोगों में खुशी है, वहीं दूसरी ओर मढ़ौरा के लोगों की ओर से इसका विरोध करने की तैयारी की जा रही है. चीनी मिल को लेकर दोनों क्षेत्रों में राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गयी है.
इसी बीच बिहार विधानसभा याचिका समिति के सभापति सह तरैया विधायक जनक सिंह ने चीनी मिल को लेकर चल रही चर्चाओं पर अपनी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि चीनी मिल लगाने के मुद्दे पर राजनीति नहीं होनी चाहिए. कुछ लोग केवल अपना चेहरा चमकाने के लिए इस मुद्दे पर राजनीति कर रहे हैं.
जिनके शासनकाल में मिल बंद हुआ, वही अब कर रहे राजनीति
विधायक जनक सिंह ने कहा कि कुछ लोग अपने चेहरे को चमकाने के लिए चीनी मिल के मुद्दे पर राजनीति शुरू कर दिये हैं. जिन लोगों के शासनकाल में चीनी मिल बंद हुआ, वही लोग आज इस मुद्दे पर राजनीति कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि मिल लगाने के मुद्दे को राजनीतिक रंग देने के बजाय क्षेत्र के विकास के नजरिये से देखा जाना चाहिए.
मढ़ौरा में जमीन कम पड़ती है तो तरैया में मिल लगाने का विरोध क्यों
विधायक ने कहा कि आज के समय में मढ़ौरा काफी विकसित हो चुका है और वहां की सड़कें भी पहले की तुलना में काफी संकीर्ण हो गयी हैं. ऐसे में यदि मढ़ौरा में चीनी मिल लगाने के लिए पर्याप्त जमीन उपलब्ध नहीं होती है और राज्य सरकार तथा संबंधित विभाग तरैया में जमीन को चिन्हित कर उसका चयन करते हैं, तो इसका विरोध नहीं किया जाना चाहिए.
उन्होंने कहा कि मढ़ौरा अनुमंडल के अंतर्गत तरैया भी आता है. यदि तरैया में चीनी मिल स्थापित होती है, तो इसका लाभ केवल तरैया को नहीं बल्कि मढ़ौरा समेत पूरे क्षेत्र को मिलेगा.
तरैया में मिल बनने से मढ़ौरा को भी होगा फायदा
जनक सिंह ने कहा कि तरैया में चीनी मिल स्थापित होने से क्षेत्र के किसानों और कारोबारियों को लाभ मिलेगा. मिल के आसपास आर्थिक गतिविधियां बढ़ेंगी और रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे. इसका सीधा फायदा मढ़ौरा समेत आसपास के इलाकों के लोगों को भी मिलेगा.
उन्होंने कहा कि चीनी मिल किस स्थान पर स्थापित होगी, इसका निर्णय सरकार और संबंधित विभाग को करना है. यदि विभागीय स्तर पर रामकोला फार्म की जमीन को उपयुक्त मानकर चिन्हित किया गया है, तो इसका विरोध करने के बजाय क्षेत्र के विकास के नजरिये से इसका स्वागत किया जाना चाहिए.
फोटो और सोशल मीडिया की राजनीति पर विधायक ने साधा निशाना
विधायक जनक सिंह ने कहा कि कुछ नेता केवल फोटो खिंचवाकर अखबार और सोशल मीडिया में अपना चेहरा चमकाने का प्रयास कर रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे लोग लोगों के बीच भड़काऊ बातें बोलकर उन्हें विरोध करने के लिए उकसा रहे हैं.
उन्होंने कहा कि चीनी मिल क्षेत्र के लिए एक बड़ा विकास का विषय है. ऐसे मुद्दे पर लोगों को भड़काने के बजाय सभी को मिलकर सकारात्मक प्रयास करना चाहिए. मिल स्थापित होने से किसानों, मजदूरों, कारोबारियों और आम लोगों को इसका लाभ मिलेगा.
चीनी मिल को लेकर दोनों क्षेत्रों में बढ़ी हलचल
रामकोला फार्म में चीनी मिल के लिए जमीन चिन्हित किये जाने की चर्चा के बाद तरैया और मढ़ौरा दोनों क्षेत्रों में हलचल बढ़ गयी है. तरैया के लोग जहां इसे क्षेत्र के विकास और रोजगार से जोड़कर देख रहे हैं, वहीं मढ़ौरा में मिल की स्थापना को लेकर विरोध की आवाज उठने लगी है. ऐसे में आने वाले दिनों में यह मुद्दा राजनीतिक रूप से और गर्म होने की संभावना है.
