सारण: 'नशा मुक्त सारण' अभियान में कार्रवाई, 460.98 लीटर शराब बरामद, सात तस्कर गिरफ्तार

सारण पुलिस ने "नशा मुक्त सारण" विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है. अभियान के दौरान 460.98 लीटर अवैध शराब जब्त की गई और सात शराब तस्करों को गिरफ्तार किया गया है.

Saran News: सारण जिले में शराब तस्करी और अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे "नशा मुक्त सारण" विशेष अभियान के तहत सारण पुलिस ने कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की है. अभियान के दौरान विभिन्न थाना क्षेत्रों में एक साथ की गई छापेमारी में कुल 460.98 लीटर अवैध शराब जब्त की गई तथा सात शराब कारोबारियों को गिरफ्तार किया गया.

देशी विदेशी शराब बरामद

पुलिस कार्यालय से प्राप्त आधिकारिक जानकारी के अनुसार बरामद शराब में 261.30 लीटर देशी तथा 199.68 लीटर विदेशी शराब शामिल है. इसके अलावा पुलिस की इस संयुक्त कार्रवाई के दौरान एक मोटरसाइकिल, पांच ग्लास एवं 20 प्लास्टिक की पन्नियां भी बरामद की गई हैं, जिनका उपयोग शराब के अवैध कारोबार और खुदरा बिक्री में किया जा रहा था.

उत्पाद अधिनियम में केस

सारण पुलिस ने गिरफ्तार सभी आरोपितों के विरुद्ध संबंधित थाना क्षेत्रों में बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार ने कहा कि जिले में शराब के अवैध निर्माण, भंडारण, बिक्री और तस्करी के विरुद्ध यह विशेष अभियान लगातार पूरी कड़ाई के साथ जारी रहेगा.

एसएसपी की सख्त चेतावनी

एसएसपी ने स्पष्ट किया कि शराब कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा तथा ऐसे तत्वों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि यदि कहीं शराब के अवैध कारोबार की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय पर कार्रवाई कर नशा मुक्त समाज बनाने के अभियान को सफल बनाया जा सके.

Also Read: सारण की 89 वर्षीय बच्ची देवी का मरणोपरांत नेत्रदान, अंतिम इच्छा पूरी कर परिजनों ने पेश की मिसाल


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Md Ayub

Published by: Vikash Jha

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >