Saran NIA Raid: सारण जिले के मशरक प्रखंड के सोनौली पंचायत अंतर्गत पचरूखवा गांव पहुंची राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की विशेष टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से निजात अंसारी के घर पर अचानक छापेमारी की. केंद्रीय सुरक्षा एजेंसी की इस औचक कार्यवाई से पूरे गांव मे अचानक हड़कंप मच गया. प्राथमिक स्तर पर यह पूरा मामला मानव तस्करी कनेक्शन का बताया जा रहा है.
पूरे गांव में मची सनसनी
भारी पुलिस बल के सुरक्षा घेरे के साथ जैसे ही एनआईए की टीम अचानक गांव मे पहुंची, वैसे ही ग्रामीणों के बीच पूरी तरह सनसनी फैल गयी. देखते ही देखते काफी संख्या में आसपास के ग्रामीण और स्थानीय लोग घटना स्थल के पास जुट गए और मामले की जानकारी लेने का प्रयास करने लगे. सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने लोगों को दायरे से बाहर रखा.
सदाकत से घंटों गहन पूछताछ
जानकारी के मुताबिक, एनआईए की टीम ने निजाम अंसारी के घर की चारों तरफ से तकनीकी घेराबंदी कर घंटो तलाशी ली. इस तलाशी के दौरान घर में मौजूद निजाम अंसारी के पुत्र सदाकत अंसारी को हिरासत में लेकर कई घंटों तक गहन पूछताछ की गयी. टीम ने सदाकत के कंबोडिया प्रवास और वहां की गतिविधियों के बारे में कई तीखे सवाल पूछे.
मोबाइल और लैपटॉप हुए सील
सघन पूछताछ के साथ ही एनआईए की तकनीकी विंग ने सदाकत के व्यक्तिगत मोबाइल फोन और लैपटॉप की बारीकी से जांच की. घंटों खंगालने के बाद टीम ने दोनों इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को साक्ष्य के तौर पर ऑन-स्पॉट सील कर दिया और अपने साथ ले गयी. इस दौरान मशरक थानाध्यक्ष उज्जवल कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर मुस्तैद रहे.
आधिकारिक पुष्टि का है इंतजार
स्थानीय स्तर पर छापेमारी के संदर्भ मे पुलिस या एनआईए प्रशासन की ओर से इस संबंध मे वर्तमान में कोई अधिकारिक पुष्टी नही की गयी है. आधिकारिक बयान न आने के कारण इस बड़ी कार्रवाई के वास्तविक और सटीक कारणों को लेकर इलाके में सस्पेंस बना हुआ है. आसपास के लोग और व्यवसायी इस कार्रवाई का मुख्य कारण जानने को बेहद उत्सुक हैं.
कंबोडिया से जुड़ा है कनेक्शन
स्थानीय ग्रामीणों से मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी सदाकत अंसारी पिछले कुछ समय से कंबोडिया देश में रहकर काम करता था. ऐसे में प्रारंभिक चर्चा है कि यह पूरी जांच मानव तस्करी और वहां भारतीय युवाओं को बंधक बनाकर कराए जाने वाले साइबर क्राइम से जुड़े अंतर्राष्ट्रीय नेटवर्क के संभावित संबंधों को लेकर की जा रही है. एजेंसी कंबोडिया से लौटे अन्य संदिग्धों की कुंडली भी खंगाल रही है.
