सारण के परसा से मोहम्मद यूसुफ की रिपोर्ट
Saran News: मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से परसा थाना क्षेत्र के मारर दरगाह स्थित उर्दू प्राथमिक विद्यालय परिसर में सोमवार को शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता अंचलाधिकारी (सीओ) अनुज कुमार ने की, जबकि इसमें जनप्रतिनिधियों, बुद्धिजीवियों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया. बैठक को संबोधित करते हुए सीओ अनुज कुमार ने लोगों से मोहर्रम पर्व को आपसी भाईचारे, प्रेम और सामाजिक सौहार्द के साथ मनाने की अपील की. उन्होंने कहा कि सभी समुदायों के सहयोग से ही क्षेत्र में शांति और सद्भाव कायम रखा जा सकता है.
अफवाहों से बचने और मुस्तैद रहने की सलाह
अंचलाधिकारी ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी स्थानीय प्रशासन को तत्काल देने का आग्रह किया. वहीं थानाध्यक्ष ओमप्रकाश ने कहा कि मोहर्रम के दौरान ताजिया रखने एवं जुलूस निकालने के लिए प्रशासन से लाइसेंस लेना अनिवार्य है. बिना लाइसेंस कोई भी व्यक्ति अपने गांव में ताजिया स्थापित नहीं कर सकता और न ही जुलूस निकाल सकता है. उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस द्वारा विधिसम्मत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
संवेदनशील स्थलों पर तैनात रहेगा पुलिस बल
थानाध्यक्ष ने बताया कि पर्व के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जाएंगे. क्षेत्र के सभी संवेदनशील स्थलों पर पुलिस बल की मुस्तैदी से तैनाती की जाएगी तथा असामाजिक तत्वों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो सके. उन्होंने लोगों से किसी भी प्रकार की गड़बड़ी, अफवाह या विवाद की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की. शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की सोशल मीडिया सेल भी पूरी तरह सक्रिय रहेगी.
बैठक में सैकड़ों ग्रामीण रहे उपस्थित
बैठक में जिला परिषद सदस्य विनोद राय, मुखिया प्रतिनिधि ई. आसिफ असलम, पूर्व प्राचार्य प्रो. विमल राय, राजेंद्र राय, रघु राय, सैयद कमर अब्बास, सैयद शकील अब्बास, सैयद दिलबर अब्बास, अल्तमस अब्बास, इंतखाब मेहंदी, इरफान हुसैन, मकसूद आलम, राजू राय, आदम अली, सलामत हुसैन सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे. बैठक के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने प्रशासन को पूरा सहयोग देने और मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने का संकल्प लिया.
Also Read: छपरा-दिल्ली के बीच 28 जून से चलेगी सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन, टाइम टेबल भी जारी
