Saran News: (छपरा से प्रभात किरण हिमांशु की रिपोर्ट)
छपरा शहर का एक प्रमुख वैकल्पिक मार्ग पिछले पांच वर्षों से कचरे के ढेर में दबा पड़ा है. सांढा-कचहरी स्टेशन रोड पर लगातार कचरा डंप किए जाने और नियमित सफाई नहीं होने के कारण यह सड़क पूरी तरह बंद हो चुकी है. इसका खामियाजा स्थानीय लोगों और वाहन चालकों को रोजाना जाम के रूप में भुगतना पड़ रहा है. लोगों का कहना है कि सड़क चालू हो जाए तो शहर की यातायात व्यवस्था को बड़ी राहत मिल सकती है.
कचरे के ढेर ने निगल लिया पूरा रास्ता
स्थानीय निवासियों के अनुसार नगर निगम की लापरवाही के कारण वर्षों से इस सड़क पर कचरा डंप किया जा रहा है. धीरे-धीरे कचरे का अंबार इतना बढ़ गया कि पूरा रास्ता ही बंद हो गया. वर्तमान स्थिति यह है कि सड़क पर पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है और लोगों को दूसरे रास्तों का सहारा लेना पड़ रहा है.
बनने के तीन महीने बाद ही बेकार हो गई सड़क
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण के बाद शुरुआती दो से तीन माह तक यहां सामान्य आवागमन होता रहा. लेकिन उसके बाद यहां कचरा फेंकना शुरू हो गया. सफाई व्यवस्था भी धीरे-धीरे प्रभावित होती गई और अंततः पूरा रास्ता कचरे से पट गया. अब सड़क की बची हुई खाली जगह पर मछली बाजार लगने लगा है, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया है.
वनवे व्यवस्था पर पड़ रहा असर, लोग तोड़ रहे नियम
सड़क बंद होने के कारण सांढा और आसपास के मोहल्लों के लोगों को मजबूरी में दूसरे रास्तों से आना-जाना पड़ रहा है. यह मार्ग पहले से ही अतिक्रमण की समस्या से जूझ रहा है. ऐसे में लोग वनवे नियमों का उल्लंघन कर वैकल्पिक रास्तों का उपयोग कर रहे हैं, जिससे दुर्घटना और जाम का खतरा बढ़ गया है.
डबल डेकर निर्माण के बीच राहत बन सकती है यह सड़क
शहर में डबल डेकर परियोजना के दूसरे चरण के तहत मौना से मेवालाल चौक रोड पर पाइलिंग कार्य चल रहा है. इसके कारण मुख्य मार्ग पर यातायात प्रभावित है. ऐसे समय में सांढा-कचहरी स्टेशन रोड को चालू कर दिया जाए तो वाहनों का दबाव कम होगा और शहर को जाम से काफी हद तक राहत मिल सकती है.
सुबह 8 बजे से लगने लगता है जाम
स्थानीय लोगों के अनुसार वर्तमान में सुबह आठ बजे से ही सांढा चौक पर वाहनों की लंबी कतार लगने लगती है. सड़क संकरी होने और आसपास की व्यावसायिक मंडियों में बड़े वाहनों की आवाजाही के कारण स्थिति और गंभीर हो जाती है. कई बार लोगों को घंटों जाम में फंसे रहना पड़ता है.
डिप्टी मेयर ने दिया जल्द कार्रवाई का आश्वासन
इस संबंध में पूछे जाने पर डिप्टी मेयर रागिनी देवी ने कहा कि सड़क की स्थिति की जानकारी ली गई है. जल्द ही वहां विशेष सफाई अभियान चलाकर कचरा हटाया जाएगा और सड़क पर आवागमन को सुचारू बनाने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी. स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि प्रशासन जल्द पहल करेगा और वर्षों से बंद पड़े इस महत्वपूर्ण मार्ग को फिर से चालू कराया जाएगा.
Also Read: जेपीयू का नया स्नातक मॉडल जारी, अब 4 साल में होगी ग्रेजुएशन, रिसर्च और इंटर्नशिप भी होगी अनिवार्य
