छपरा की सड़कें बनीं निर्माण सामग्री का गोदाम, यातायात व्यवस्था प्रभावित

Saran News : अतिक्रमणकारियों पर कसेगा शिकंजा, भारी जुर्माने के साथ होगी कानूनी कार्रवाई

छपरा (सारण) से संजय भारद्वाज रिपोर्ट
Saran News : छपरा नगर निगम क्षेत्र के किसी भी वार्ड में आप चले जाएं उसके मुख्य सड़क या गली की सड़क या नाले के ऊपर बिल्डिंग मटेरियल रखा हुआ जरूर मिल जाएगा, जो की दुर्घटना, अतिक्रमण, जाम और पार्किंग की समस्या को उत्पन्न कर रहे हैं. प्रभात खबर के सर्वेक्षण के दौरान निगम क्षेत्र में ऐसे डेढ़ सौ से अधिक स्थान देखे गए जहां के सड़क और नाले पर बिल्डिंग मटेरियल रखा हुआ देखा गया और जिनके कारण जाम और अन्य समस्या उत्पन्न होती देखी गई.

पार्किंग के लिए तरस रहे वाहन चालक

शहर में अलग-अलग जगहों पर चल रहे भवन निर्माण कार्यो ने अतिक्रमण, जाम और पार्किंग की समस्या को और बढ़ा दिया है. इससे सड़कें बेहद संकरी नजर आती है. जिन जगहों पर चालक वाहन खड़े करते थे, उनमें से अधिकांश जगहों पर अब निर्माण सामग्री डालकर रखी है. निर्माण सामग्री के कारण चालकों के पास जो थोड़ी बहुत जगह वाहन पार्क करने के लिए थी वह भी अब नहीं बची है. इसी कारण वाहन चालक इस निर्माण सामग्री के ढेर पर ही जगह बनाकर और आसपास वाहन खड़े कर रहे हैं. ऐसे में बाजार में इससे परेशानियां बढ़ गयी हैं. निर्माण सामग्री और इसके बाद यहां खड़े वाहनों के कारण ट्रैफिक जाम हो जाता है.

अव्यवस्थित पार्किंग से शहर में रोज लग रहा जाम

निगम क्षेत्र के तेलपा रोड, मौना रोड, नेहरू चौक रोड, मौना मिश्रा टोली रोड, रोजा रोड, दहियावां टोला, दहियावां पंकज सिनेमा रोड, दहियावां राम जानकी रोड, महमूद चौक गर्ल्स स्कूल रोड, शहर का निचला रोड तेलपा से लेकर ईनई तक, गुदरी रोड, अन्नपूर्णा मंदिर से गुदरी बाजार सब्जी मंडी रोड, राजेंद्र कॉलेजिएट से लेकर भगवत विद्यापीठ रोड, बरहमपुर मुख्य सड़क से लेकर दरोगा राय चौक तक के रोड, इतना ही नहीं निगम क्षेत्र के 45 वार्ड है सभी वार्ड के गलियों में भी सड़क पर या फिर नाले के ऊपर बिल्डिंग मटेरियल रखकर सड़क को ब्लॉक करने की मंशा को समझा जा सकता है. जिसके कारण पहले से बेहद कम पार्किंग के इंतजाम वाले बाजारों में समस्या और बढ़ी है. बाइक सवारों के पास खड़ी करने तक की जगह नहीं बची है. वे निर्माण सामग्री के बीच में ही जगह बनाकर वाहन खड़ी कर रहे हैं.

अतिक्रमणकारियों के हौसले बुलंद

नगर निगम ने नवंबर और दिसंबर महीने में एक योजना बनाई थी जिसमें कहा गया था कि जहां कहीं भी सड़क या नाले के ऊपर बिल्डिंग मटेरियल देखा जाएगा उनके ऊपर₹10000 तक का जुर्माना लगाया जाएगा. इस पर अमल भी हुआ और श्री नंदन पथ समेत कई जगह पर कार्रवाई भी हुई लेकिन इसके बाद फिर यह मामला ठंडा बस्ते में पड़ गया.

जाम के साथ हादसों का भी बढ़ा जोखिम

भवन निर्माण करने वाले लोग अपने घरों के आगे ईट, गिट्‌टी, बालू व सरिया आदि रख देते हैं. सड़क पर फैली गिट्‌टी और बालू के कारण कई बार हादसे हो जाते हैं. इस कारण दोपहिया वाहन चालकों, पैदल राहगीरों को समस्या का सामना करना पड़ता है. दोपहिया वाहन चालक फिसल कर गिर जाते हैं. इससे वाहन चालकों को कई बार गंभीर चोट भी लग जाती है. बावजूद प्रशासन सड़क किनारे पड़ी भवन निर्माण सामग्री को हटाने के लिए प्रयास नहीं कर रहा है. वहीं गिट्‌टी लगने से कई बार वाहन के टायर भी फट जाते हैं.

सड़क और नालों पर कब्जा करने वालों के खिलाफ होगी कानूनी कार्रवाई

महापौर लक्ष्मी नारायण गुप्ता के अनुसार निगम क्षेत्र के बाजारों, माहल्ले, व्यापारिक क्षेत्रों व सार्वजिक स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था करना निगम की जिम्मेदारी है. ऐसे लोगों के खिलाफ निगम के पास कार्रवाई का प्रावधान है. निगम सड़क पर रखे सामान को जब्त कर सकती है. सड़क पर अस्थायी दखल करने के मामले में अतिक्रमण के अनुसार जुर्माना कर सकती है. इसके अलावा पुलिस भी सड़क पर रखे सामान को जब्त कर सकती है. मौके पर जुर्माना भी किया जा सकता है.

सिटी मैनेजर ने दी चेतावनी, सड़क घेरने वालों पर लगेगा भारी जुर्माना

एक बार फिर कार्रवाई शुरू की जाएगी और जो भी लोग सड़क पर बिल्डिंग मटेरियल रखे होंगे उनके खिलाफ भारी भरकम जुर्माना लगाया जाएगा साथ ही नगर निगम अधिनियम के तहत कार्रवाई होगी. अरविंद कुमार, सिटी मैनेजर, नगर निगम

Also Read : सीवान की सफाई व्यवस्था पर फूटा जनप्रतिनिधियों का गुस्सा, एजेंसी को अंतिम चेतावनी

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: YUVRAJ RATAN

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >