Saran News: (सारण से हेमंत की रिपोर्ट)
सारण के मांझी में अतिक्रमणकारियों को प्रशासन की ओर से अंतिम चेतावनी दिए जाने के बावजूद बाजार क्षेत्र पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त नहीं हो सका. इसके बाद शनिवार को अंचलाधिकारी सौरभ अभिषेक के नेतृत्व में अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू किया गया. अभियान में पुलिस पदाधिकारी मिथलेश सिंह कुमार सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल शामिल रहा.
प्रखंड मुख्यालय से शुरू हुआ अभियान
अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई प्रखंड मुख्यालय से शुरू की गई. प्रशासनिक टीम और पुलिस बल को देखकर बाजार क्षेत्र के विभिन्न चौक-चौराहों पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. कई अतिक्रमणकारियों ने स्वयं ही अपने ठेले, गुमटी और सामान हटाना शुरू कर दिया.
अवैध कब्जों पर चला बुलडोजर
अभियान के दौरान मुख्य सड़कों पर लगे ठेले, अवैध शेड, सड़क किनारे की दुकानें तथा फुटपाथों पर किए गए अतिक्रमण को हटाया गया. कई स्थानों पर प्रशासन द्वारा समझाने के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाने पर बुलडोजर की मदद से अवैध निर्माण को ध्वस्त किया गया.
यातायात व्यवस्था सुधारने पर जोर
प्रशासन का कहना है कि अतिक्रमण के कारण बाजार क्षेत्र में अक्सर जाम की समस्या उत्पन्न होती थी और आम लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता था. अभियान का उद्देश्य सड़कों और सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमण मुक्त कर सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना है.
सुरक्षा के व्यापक इंतजाम
अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी. प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी. अभियान के दौरान बाजार क्षेत्र में अतिक्रमणकारियों के बीच दहशत का माहौल रहा. कई लोगों ने प्रशासनिक कार्रवाई से बचने के लिए स्वेच्छा से अतिक्रमण हटा लिया. अधिकारियों ने लोगों से सरकारी भूमि और सड़कों पर दोबारा अतिक्रमण नहीं करने की अपील की.
Also Read: छपरा-सोनपुर फोरलेन पर बढ़ रहे सड़क हादसे, खतरनाक चौराहे बन रहे हादसों का कारण
