Saran News : मानसून से पहले छपरा में जलजमाव रोकने को लेकर डीएम का निरीक्षण

Saran News : छपरा शहर में जलजमाव रोकथाम के लिए प्रशासन हुआ सक्रिय

Saran News (संजय भारद्वाज) : आगामी मानसून के दौरान छपरा शहर में जल जमाव की समस्या उत्पन्न नहीं हो, इसको ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने शनिवार को पूरे नगर निगम क्षेत्र के ड्रेनेज सिस्टम का निरीक्षण किया. जिन सड़कों पर जल जमाव होता है उनको भी देखा. जल निकासी के एग्जिट प्वाइंट का भी निरीक्षण किया और इस क्रम में एक मेगा प्लान के तहत अधिकारियों को कार्य पूरा करने की जिम्मेवारी सौंपी.

लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी, 31 मई तक का अल्टीमेटम

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि जल निकासी के कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. जिलाधिकारी ने नाला सफाई के शेष कार्यों और नाला निर्माण के अधूरे कामों को उच्च प्राथमिकता के आधार पर हर हाल में 31 मई 2026 तक पूरा करने का कड़ा निदेश दिया है. सड़क और नाला निर्माण से जुड़ी विभिन्न एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ युद्धस्तर पर काम करने को कहा गया.

साढ़ा ढाला से कदम चौक हनुमान मूर्ति तक अधूरे कार्य को पूरा करने का आदेश दिया

साढ़ा ढाला ओवरब्रिज के नीचे से कदम चौक हनुमान मूर्ति तक निर्मित नाले का अवलोकन किया गया. कदम चौक के पास नाला निर्माण का कुछ कार्य अधूरा है. अंचलाधिकारी सदर छपरा को तुरंत जमीन की मापी कर ‘राइट ऑफ वे’ के अंतिम छोर पर नाला निर्माण के लिए जगह चिन्हित करने का आदेश दिया गया. बुडको को आर ओ डब्लू के अंतिम छोर पर नाला निर्माण कार्य को अविलंब पूरा करने का निदेश.

प्रभुनाथ नगर नाले की होगी गहरी सफाई

नमामि गंगे परियोजना के तहत बने आईपीएस से प्रभुनाथ नगर की तरफ जाने वाले नाले की गहरी सफाई तथा इसका पक्का निर्माण पंचायत समिति के माध्यम से सुनिश्चित कराने का आदेश दिया. बुढ़िया माई बचपन प्ले स्कूल के पास नगर निगम द्वारा की जा रही नाला सफाई का जायजा लेते हुए जिलाधिकारी ने जगदम कॉलेज तक नाले की डीप क्लीनिंग और पुलिया की अच्छे से सफाई कराने का निदेश नगर निगम को दिया.

साढ़ा ढाला व मठिया मोड़ कलवर्ट की होगी सफाई व हटेगा अतिक्रमण

जिलाधिकारी ने नगर निगम और संबंधित एजेंसी के अधिकारियों को साढ़ा ढाला के नीचे स्थित कल्वर्ट की पूरी सफाई कराने को कहा. बताया गया कि इसके लिए नगर निगम द्वारा निविदा की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है.मठिया मोड़ के पास स्थित कल्वर्ट की सफाई एवं नाला निर्माण का कार्य बुडको से कराने का निदेश दिया गया. मठिया मोड़ से दूधिया पोखरा तक पुराने नाले की सफाई पथ निर्माण विभाग करेगा. इस पूरे हिस्से में अनुमंडल पदाधिकारी सदर को तुरंत अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करने का निदेश दिया गया.

रामनगर, भुतहा ढाला व भिखारी ठाकुर चौक का भी किया निरीक्षण

नगर निगम द्वारा रामनगर नाले की कराई जा रही सफाई का जिलाधिकारी ने अवलोकन किया. भुतहा ढाला के पास स्थित कल्वर्ट की सफाई के लिए नगर निगम को रेलवे प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर काम सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. भिखारी ठाकुर चौक से छोटा तेलपा तक नाले की सफाई नगर निगम द्वारा पूरी कर ली गई है. सड़क के नीचे स्थित कल्वर्ट की सफाई के लिए नगर निगम को त्वरित कार्रवाई का निदेश दिया गया. इसके लिए पहले ही निकाली जा चुकी निविदा की प्रक्रिया को अविलंब पूरा कर उच्च प्राथमिकता पर कल्वर्ट साफ करने को कहा गया.

पुलिस लाइन के पास रुके हुए कार्य तीन दिनों के अंदर पूरे होंगे

पुलिस लाइन के पास अतिक्रमण के कारण नाले का कुछ काम रुका हुआ था, जिसे अब हटा दिया गया है. पुल निर्माण निगम को आगामी 3 दिनों के भीतर शेष नाला निर्माण कार्य पूरा करने और पूरे नाले को कवर करने का सख्त निर्देश दिया गया. साथ ही, सभी उपयुक्त स्थलों पर नाले में सीवर लगाने का निदेश दिया गया ताकि कचरा आगे न बहे.

करीम चक से दक्षिण स्लुइस गेट तक नाले का निर्माण पूरा

करीम चक से दक्षिण स्लुइस गेट तक नाले का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है. शेष कार्य को पूरा कर पूरे स्ट्रेच के नाले को कवर करने के लिए बुडको को 31 मई तक का समय दिया गया है. उत्तर की तरफ के नाले से अविलंब मलबा हटाने का निर्देश भी बुडको को मिला.

पटेल छात्रावास से रेलवे लाइन तक का ड्रेनेज निर्माण जल्द पूरा करें

पटेल छात्रावास से रेलवे लाइन तक निर्माणाधीन नाले को भी 31 मई तक पूरा करने का निर्देश दिया गया. अंचलाधिकारी सदर छपरा को इस स्ट्रेच से अतिक्रमण हटाने के लिए पूर्व से संचालित अतिक्रमण वाद की कार्रवाई को पूरा कर तुरंत अतिक्रमण हटाने को कहा गया. पटेल छात्रावास से सुधा मिल्क पार्लर तक नाले में सिल्ट (गाद) की जांच कराई गई, जहाँ गाद पाई गई. बुडको को 31 मई तक पूरी गाद निकालने का निदेश दिया गया है और जरूरत पड़ने पर सुपर सकर मशीन का उपयोग करने को कहा गया है. साहेबगंज से मौना चौक होते हुए साढ़ा ढाला तक सड़क निर्माण के लिए कार्यपालक अभियंता पथ निर्माण विभाग को प्राक्कलन तैयार कर विभाग को भेजने का आदेश दिया गया.

थाना चौक से साहिबगंज तक लगेगा बैरिकेडिंग

थाना चौक से साहेबगंज तक सड़क के दक्षिण तरफ राइट ऑफ वे के अंत में ट्रैफिक प्रबंधन के दृष्टिकोण से बैरिकेडिंग कराने का निदेश नगर निगम को दिया गया. क्षेत्र भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी के साथ नगर आयुक्त , अनुमंडल पदाधिकारी सदर, परियोजना निदेशक बुडको, वरीय परियोजना अभियंता पुल निर्माण निगम, नगर निगम के अभियंता, बुडको के अभियंता तथा अंचलाधिकारी सदर सहित अन्य सभी संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे.

Also Read : Siwan News : दिन में जल रही हाई मास्क लाइटें, बिजली की हो रही बर्बादी

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: YUVRAJ RATAN

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >