स्वतंत्रता दिवस पर हर घर तिरंगा अभियान 2026 को लेकर सारण जिले में तैयारियां तेज हो गयी हैं. जिले की जीविका दीदियों को तिरंगा झंडा बनाने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गयी है. जिला प्रशासन के निर्देश पर जीविका से जुड़े सिलाई केंद्रों पर ग्राम संगठनों की दीदियां दिन-रात झंडा सिलने में जुटी हैं.
योजना के तहत सारण के सभी 20 प्रखंडों से चार-चार हजार झंडा तैयार कर संबंधित प्रखंड कार्यालयों को सौंपा जाना है. इस प्रकार पूरे जिले में 80 हजार झंडे निर्माण का लक्ष्य रखा गया है. तैयार झंडों को जीविका के माध्यम से संबंधित ग्राम संगठनों द्वारा प्रखंड कार्यालयों को उपलब्ध कराया जा रहा है.
इस संबंध में जिला परियोजना प्रबंधक अरुण कुमार ने बताया कि हर घर तिरंगा अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में जीविका दीदियों की भूमिका अहम है. दीदियों के कौशल को रोजगार से जोड़ते हुए समय पर गुणवत्तापूर्ण झंडे की आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है. सभी प्रखंडों में कार्य प्रगति पर है.
उन्होंने बताया कि इस पूरे कार्य की देख-रेख गैर कृषि प्रबंधक अभिषेक श्रीवास्तव द्वारा की जा रही है. उनके नेतृत्व में प्रखंड स्तर पर जीविका कर्मी और जीविका दीदियां समन्वय बनाकर काम कर रही हैं. अभी तक अमनौर, मांझी, रिवीलगंज, दिघवारा, दरियापुर, जलालपुर, तरैया और मढ़ौरा प्रखंड में लक्ष्य के अनुरूप झंडों का निर्माण पूरा कर प्रखंड कार्यालय को सुपुर्द कर दिया गया है. शेष प्रखंडों में भी सिलाई का कार्य अंतिम चरण में है.
