RJD Preparedness: सारण जिले के तरैया और पानापुर प्रखंड में बाढ़ की आशंका के बीच राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने राहत एवं बचाव की तैयारियों को लेकर अपनी सक्रियता बढ़ा दी है. तरैया विधानसभा के पूर्व राजद प्रत्याशी शैलेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव के निर्देश पर राजद का प्रत्येक कार्यकर्ता संकट की घड़ी में जनता के साथ मजबूती से खड़ा रहेगा.
जमीनी स्तर पर स्थिति पर रखी जा रही नजर
शैलेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि उनकी टीम जमीनी स्तर पर लगातार स्थिति की निगरानी कर रही है. किसी भी तरह की आपात स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जाएगा. उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी तरह की जानकारी के लिए प्रशासनिक स्तर से जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें.
उन्होंने कहा कि बाढ़ जैसी स्थिति में लोगों को घबराने के बजाय सतर्क रहने की जरूरत है. राजद कार्यकर्ता प्रभावित इलाकों में लोगों के संपर्क में रहेंगे और जरूरत पड़ने पर हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने का प्रयास करेंगे.
नेपाल में बाढ़ से हुई क्षति पर जताया दुख
शैलेंद्र प्रताप सिंह ने नेपाल में आयी भीषण बाढ़ और जल प्रलय से हुई जन-धन की क्षति पर दुख व्यक्त किया. उन्होंने प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि इस कठिन समय में उनकी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं. उन्होंने रसुवागढ़ी क्षेत्र में लापता कैलाश मानसरोवर यात्रियों की सुरक्षा की भी कामना की.
गंडक में फिलहाल खतरा नहीं होने का दावा
शैलेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि गंडक बैराज से 14 जुलाई को छोड़े गये पानी की तुलना में वर्तमान में जलप्रवाह कम है. ऐसे में फिलहाल बाढ़ का कोई नया खतरा नहीं है. हालांकि, उन्होंने लोगों से पूरी तरह सतर्क रहने की अपील की.
उन्होंने तरैया, पानापुर समेत पूरे सारण जिले के लोगों से अफवाहों से दूर रहने और किसी भी आपात स्थिति में एक-दूसरे की मदद करने की अपील की.
इसे भी पढ़ें: "हिरासत" के दावों पर मचा बवाल! जानिए पटना BPSC प्रदर्शन में छाए 6 साल के आदित्य की पूरी कहानी
