Saran News : सारण के बाल कलाकार और वायरल बॉय रौनक रतन ने मुजफ्फरपुर के बड़ा दाऊद, पारू में पर्यटन विभाग की ओर से आयोजित सिंह रामेश्वर हनुमान महोत्सव में अपनी शानदार गायकी से दर्शकों का दिल जीत लिया. महोत्सव के मंच पर रौनक की प्रस्तुति ने ऐसा समां बांधा कि श्रोता झूमने और तालियां बजाने पर मजबूर हो गए.
विधायक की फरमाइश पर रौनक ने सुनाईं लोकप्रिय गजलें
कार्यक्रम के दौरान साहेबगंज के विधायक और पूर्व पर्यटन मंत्री राजू सिंह ने रौनक रतन की प्रतिभा की सराहना की. उन्होंने रौनक से एक के बाद एक लोकप्रिय गजलें सुनाने की फरमाइश की. विधायक की फरमाइश पर रौनक ने ‘हम तेरे शहर में आए हैं मुसाफिर की तरह’, ‘याद रह जाती है’, ‘चिट्ठी आई है वतन से’ और ‘एक मुलाकात जरूरी है सनम’ जैसी लोकप्रिय रचनाओं की मनमोहक प्रस्तुति दी.
कम उम्र में आत्मविश्वास और सुर-ताल ने जीता दिल
कम उम्र में रौनक रतन ने जिस आत्मविश्वास और सुर-ताल के साथ मंच पर गायकी पेश की, उससे कार्यक्रम में मौजूद दर्शक काफी प्रभावित हुए. उनकी प्रस्तुति के दौरान लगातार तालियों की गूंज सुनाई देती रही. दर्शकों ने उत्साह बढ़ाते हुए बाल कलाकार की जमकर सराहना की.
राष्ट्रीय युवा विकास परिषद ने किया सम्मानित
महोत्सव के दौरान राष्ट्रीय युवा विकास परिषद, बिहार के अध्यक्ष किसलय किशोर ने बाल कलाकार रौनक रतन को सम्मानित किया. सम्मान मिलने के बाद रौनक ने कहा कि इतने बड़े मंच पर प्रस्तुति देना और वरिष्ठ लोगों की फरमाइश पर गाने का अवसर मिलना उनके लिए बेहद आनंददायक अनुभव रहा.
रौनक की प्रस्तुति ने यादगार बनाई महोत्सव की शाम
बड़ी संख्या में मौजूद दर्शकों और अच्छे श्रोताओं के बीच रौनक रतन की गायकी ने महोत्सव की शाम को यादगार बना दिया. बाल कलाकार की प्रस्तुति को लेकर कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच खासा उत्साह देखने को मिला.
