सारण से मोहम्मद यूसुफ की रिपोर्ट
Saran Bike Accident: सारण जिले के परसा थाना क्षेत्र में रविवार शाम एक सड़क हादसे में तीन युवक घायल हो गए. शीतलपुर-सीवान मार्ग स्थित तितिरा गांव के समीप दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई. दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दो युवकों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें छपरा रेफर कर दिया गया.
क्या है पूरा मामला
दरअसल, सारण जिले के परसा थाना क्षेत्र अंतर्गत शीतलपुर-सीवान मार्ग (एसएच-73) पर तितिरा गांव के समीप रविवार की शाम दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए. दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुट गए.
स्थानीय लोगों ने की मदद
स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को इलाज के लिए परसा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति का आकलन किया. डॉक्टरों ने दो युवकों की हालत गंभीर पाते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल छपरा रेफर कर दिया.
एक की हालत गंभीर
घायलों की पहचान विजय सिंह के पुत्र आदित्य कुमार, बंटी सिंह के पुत्र आशीष कुमार तथा जितेंद्र सिंह के पुत्र सोनू सिंह के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार आदित्य कुमार और सोनू सिंह की हालत अपेक्षाकृत गंभीर बताई जा रही है. दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद छपरा भेजा गया है.
मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही घायलों के परिजनों को जानकारी दी गई. सड़क दुर्घटना के कारण कुछ समय तक मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा. स्थानीय लोगों की मदद से स्थिति को सामान्य किया गया और वाहनों का आवागमन फिर से शुरू कराया गया. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जानकारी जुटाने में लगी हुई है. दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.
Also Read: JP University Admission 2026: आज जारी होगी पहली मेरिट लिस्ट, 23 जून से शुरू होगा नामांकन
