Free Ambulance Service: वाहन की कमी के कारण किसी जरूरतमंद को चिकित्सीय सेवा के लिए परेशानियों का सामना न करना पड़े और समय पर इलाज नहीं मिलने से किसी की जान न जाए, इसी मानवीय उद्देश्य से युवा समाजसेवी शैलेन्द्र सिंह कुशवाहा ने मनोरपुर-झखरी पंचायत में निःशुल्क एंबुलेंस सेवा की शुरुआत की है. इस सेवा से क्षेत्र के गरीब, असहाय और आपातकालीन मरीजों को अस्पताल पहुंचने में मदद मिलेगी.
बीडीओ और थानाध्यक्ष ने हरी झंडी दिखाकर किया शुभारंभ
गुरुवार को मनोरपुर-झखरी पंचायत में आयोजित कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी राजीव कुमार सिन्हा और थानाध्यक्ष बिमलेश कुमार ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर निःशुल्क एंबुलेंस सेवा का विधिवत शुभारंभ किया.
इस अवसर पर समाजसेवी शैलेन्द्र सिंह कुशवाहा ने सभी अतिथियों को अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया.
अतिथियों ने समाजसेवी की पहल को सराहा
कार्यक्रम में जिला पार्षद आलोक राय, पूर्व जिला पार्षद अमरेन्द्र बैठा, सुरेंद्र गिरी, मुखिया सत्येंद्र राम, ई. प्रतीक कुमार, पूर्व प्राचार्य अंबिका राय, सरपंच रणधीर कुमार, डॉ. मनमोहन कुमार, जन सुराज नेता कुलदीप महासेठ, बच्चा राय, अजय राय सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और युवा साथी मौजूद रहे.
इस मौके पर अतिथियों ने समाजसेवी शैलेन्द्र सिंह कुशवाहा की पहल की सराहना की. उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में इस तरह की समाजसेवा का भाव कम देखने को मिलता है. कम उम्र में ही शैलेन्द्र सिंह ने समाजसेवा के क्षेत्र में जो पहल की है, वह सराहनीय है. दूरस्थ इलाकों के मरीजों को अपने वाहन से निःशुल्क अस्पताल पहुंचाने और जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे आना समाज के लिए सकारात्मक पहल है.
24 घंटे उपलब्ध रहेगी एंबुलेंस सेवा
समाजसेवी शैलेन्द्र सिंह कुशवाहा ने बताया कि निःशुल्क एंबुलेंस सेवा क्षेत्र के गरीब, असहाय और आपातकालीन मरीजों के लिए 24 घंटे उपलब्ध रहेगी. जरूरतमंद लोग एंबुलेंस सेवा के लिए 9931956667 मोबाइल नंबर पर संपर्क कर सकते हैं.
