Nagar Panchayat: जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति यानी 20 सूत्री की बैठक में गुरुवार को 15 प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की गयी. बैठक के बाद बिहार विधानसभा याचिका समिति के सभापति सह तरैया विधायक जनक सिंह ने कहा कि सारण जिले में तरैया समेत आठ नये नगर पंचायतों के गठन की प्रक्रिया तेज हो गयी है. उनके अनुसार अंतिम स्वीकृति के लिए विभागीय प्रक्रिया पूरी की जानी बाकी है.
तरैया, इसुआपुर और पानापुर को नगर पंचायत का दर्जा मिलने की उम्मीद
विधायक जनक सिंह ने कहा कि तरैया विधानसभा क्षेत्र के तरैया, इसुआपुर और पानापुर को नगर पंचायत का दर्जा देने की प्रक्रिया चल रही है. उन्होंने दावा किया कि इन क्षेत्रों को नगर पंचायत बनाने के लिए केवल जनसंख्या को आधार नहीं बनाया जा रहा है. जनसंख्या के साथ क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति, स्थानीय आबादी की प्रमुख आजीविका और व्यवसाय को भी ध्यान में रखा जा रहा है.
उन्होंने कहा कि नगर पंचायत गठन के लिए 12 हजार से अधिक आबादी का मानक भी निर्धारित है. उनके अनुसार तरैया, इसुआपुर और पानापुर समेत जिले के आठ प्रस्तावित नगर पंचायत इस मानक के अनुरूप हैं.
शहरी सुविधाओं के विस्तार की जगी उम्मीद
नगर पंचायत का दर्जा मिलने के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में शहरी निकाय के माध्यम से विकास और नागरिक सुविधाओं के विस्तार की उम्मीद जगी है. विधायक ने कहा कि तरैया को जल्द नगर पंचायत का दर्जा मिलने की संभावना है.
क्षेत्रवासियों ने विधायक को दी बधाई
तरैया को नगर पंचायत का दर्जा मिलने की खबर के बाद क्षेत्र के लोगों में खुशी है. स्थानीय लोगों ने इस पहल के लिए विधायक जनक सिंह को बधाई दी. मौके पर तरैया भाजपा मंडल अध्यक्ष सह 20 सूत्री अध्यक्ष मेवालाल सहनी, अनिल सिंह, उज्जवल सिंह, रामाधार सिंह, उपेंद्र सिंह समेत कई कार्यकर्ता मौजूद थे.
