सारण: 42 घंटे बाद गंडक नदी से बरामद हुआ संगीत शिक्षक का शव, मुरहिया घाट पर मिला SDRF को सुराग

सारण जिले से एक दुखद खबर सामने आई है, जहाँ गंडक नदी में लापता हुए संगीत शिक्षक शेखर सुमन का शव 42 घंटे की मशक्कत के बाद बरामद किया गया है. एसडीआरएफ की टीम ने मुरहिया घाट के पास से शव खोज निकाला.

music teacher death Bihar: सारण जिले के भेल्दी थाना क्षेत्र के शोभेपुर निवासी संगीत शिक्षक शेखर सुमन के गंडक नदी में लापता होने के 42 घंटे बाद गुरुवार को शव बरामद किया गया. एसडीआरएफ की टीम ने मकेर थाना क्षेत्र के मुरहिया घाट के समीप से शव बरामद किया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया. मृतक की पहचान शोभेपुर निवासी उपेंद्र राय के पुत्र शेखर सुमन (30) के रूप में हुई है.

खैरा के स्कूल में संगीत शिक्षक थे शेखर

शेखर सुमन खैरा थाना क्षेत्र के कोरेया खैरा उच्च माध्यमिक विद्यालय में संगीत शिक्षक के पद पर कार्यरत थे. बताया जाता है कि मंगलवार को स्कूल की छुट्टी होने के बाद वह गड़खा में फिजियोथेरेपी कराने गये थे. चार माह पूर्व हुए ट्रक-बाइक हादसे में उनके पैर, जांघ और हाथ में चोट लगी थी, जिसके कारण उन्हें काफी परेशानी हो रही थी.

फिजियोथेरेपी के बाद कार से पहुंचे थे रेवा घाट

बताया गया कि फिजियोथेरेपी कराने के बाद शेखर सुमन ने अपने कार चालक विकास कुमार को बसंतपुर कटसा स्थित उसके घर उतार दिया. इसके बाद वह अकेले चार पहिया वाहन से रेवा घाट पुल पर पहुंचे. वहां कार में चाबी लगी छोड़कर वह गंडक नदी में लापता हो गये.

सूचना के बाद शुरू हुआ तलाशी अभियान

घटना की सूचना मिलने के बाद सीओ निर्मला कुमारी के प्रयास से एसडीआरएफ की टीम ने नदी में तलाशी अभियान शुरू किया. टीम ने लगातार करीब 42 घंटे तक नदी और आसपास के इलाकों में खोजबीन की. अथक प्रयास के बाद गुरुवार को मुरहिया घाट के समीप शव बरामद किया गया.

पुलिस कर रही मामले की जांच

मकेर थानाध्यक्ष संग्राम सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया गया है. पुलिस मामले की हर बिंदु पर जांच कर रही है. घटना के कारणों को लेकर भी पुलिस जानकारी जुटा रही है.

चार भाइयों में सबसे छोटे थे शेखर

शेखर सुमन अविवाहित थे और चार भाइयों में सबसे छोटे थे. शव मिलने की खबर मिलते ही उनके पिता उपेंद्र राय, भाई राजेश कुमार, पंकज कुमार, चाचा मैनेजर राय समेत अन्य परिजन मौके पर पहुंचे. शव मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

गांव में पसरा मातम

घटना की जानकारी मिलने के बाद शोभेपुर गांव में मातम पसरा हुआ है. रेवा घाट पर मृतक के गांव से बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन पहुंचे. शिक्षक की मौत से ग्रामीणों में भी शोक की लहर है.

इसे भी पढ़ें: सारण के रेवा पुल से संगीत शिक्षक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता, लावारिस हालत में मिली कार



प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By चंद्रशेखर कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >