saran News : राजेंद्र कॉलेज, छपरा के स्नातकोत्तर हिंदी विभाग में सोमवार को शिक्षक दिवस समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम की शुरुआत शिक्षकों और विद्यार्थियों ने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि देकर की. इसके बाद केक काटकर उनके जन्मदिवस को उत्साह के साथ मनाया गया. इस अवसर पर संगोष्ठी का भी आयोजन किया गया.
श्लोक और कबीर के दोहों से सजी सांस्कृतिक प्रस्तुति
कार्यक्रम में स्नातकोत्तर हिंदी द्वितीय वर्ष के छात्र रत्नेश ने ‘गुरुर्ब्रह्मा गुरुर्विष्णु’ श्लोक का सस्वर पाठ किया. छात्राओं महिमा, काजल, सुमुखी आदि ने सामूहिक रूप से कबीर के प्रसिद्ध दोहे ‘गुरु गोविंद दोऊ खड़े’ का गायन प्रस्तुत किया. विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों को उपस्थित शिक्षकों और छात्रों ने सराहा.
विद्यार्थियों ने डॉ. राधाकृष्णन को बताया आदर्श
स्नातकोत्तर तृतीय वर्ष की छात्राओं रजनी, प्राची, अनीशा आदि ने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को अपना आदर्श बताते हुए उनके व्यक्तित्व से प्रेरणा लेने की बात कही. वक्ताओं ने कहा कि डॉ. राधाकृष्णन ने अपने कर्मशील जीवन से शिक्षा और राष्ट्रसेवा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया.
महान शिक्षक और राजनीतिज्ञ थे राधाकृष्णन
शिक्षकों ने डॉ. राधाकृष्णन के व्यक्तित्व और कर्मशील जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने विश्व में भारत का नाम ऊंचा किया. वे महान शिक्षक होने के साथ-साथ कुशल राजनीतिज्ञ भी थे. भारत के राष्ट्रपति के रूप में उनका कार्यकाल अविस्मरणीय रहा.
विद्यार्थियों से जीवन से प्रेरणा लेने की अपील
हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. अशोक कुमार सिन्हा ने विद्यार्थियों से डॉ. राधाकृष्णन के जीवन और विचारों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया. विभाग के प्राध्यापक डॉ. बेठीयार सिंह साहू, डॉ. ऋचा मिश्रा, डॉ. श्याम शरण, डॉ. अनुपम सिंह आदि ने भी अपने विचार व्यक्त किये.
