दिघवा दुबौली बाजार में जल्द बनेगा सार्वजनिक शौचालय

प्रखंड क्षेत्र की धड़कन माने जाने वाले दिघवा दुबौली बाजार में वर्षों से शौचालय और पेयजल के अभाव की समस्या बनी हुई थी.

बैकुंठपुर. प्रखंड क्षेत्र की धड़कन माने जाने वाले दिघवा दुबौली बाजार में वर्षों से शौचालय और पेयजल के अभाव की समस्या बनी हुई थी. अब इस स्थिति में सुधार की उम्मीद जगी है. चर्चा है कि जल्द ही बाजार में सार्वजनिक शौचालय का निर्माण होगा और दूर-दूर से आने वाले ग्राहकों को शुद्ध पेयजल की सुविधा भी मिलेगी.

बैकुंठपुर के विधायक मिथिलेश तिवारी के प्रयास से पूर्व में 12.75 लाख रुपये की लागत से बाजार में शेड का निर्माण कराया गया था. हालांकि शौचालय और स्वच्छ पेयजल की सुविधा अब तक उपलब्ध नहीं हो सकी थी. विधायक ने इसे आवश्यक मानते हुए जल्द ही इन सुविधाओं को बहाल करने की बात कही है. बुनियादी सुविधाओं के अभाव में जूझ रहे इस बाजार में प्रतिदिन हजारों लोगों की आवाजाही होती है. दिघवा दुबौली थावे-छपरा रेल मार्ग का महत्वपूर्ण स्टेशन है. एनएच और एसएच के समीप स्थित मुख्य बाजार होने के बावजूद यहां सार्वजनिक शौचालय और स्वच्छ पेयजल की समुचित व्यवस्था नहीं थी. इसका सबसे अधिक दुष्प्रभाव महिलाओं और दूरदराज से आने वाले यात्रियों व ग्राहकों पर पड़ रहा था. शौचालय के अभाव में महिलाओं को प्रतिदिन असुविधाजनक परिस्थितियों का सामना करना पड़ता था. उन्हें इधर-उधर भटकना पड़ता या मजबूरी में अन्य स्थानों का सहारा लेना पड़ता था.

अतिक्रमण से जाम की समस्या

स्थानीय लोगों का कहना है कि शौचालय के अभाव में महिलाएं प्रतिदिन परेशान होती हैं, लेकिन लाखों रुपये का राजस्व वसूलने वाले जिम्मेदार विभाग मौन बने हुए हैं. इसके अलावा रेलवे फाटक बंद होने या बड़ी गाड़ियों के आने पर अतिक्रमण के कारण दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है. इससे आम नागरिकों के साथ-साथ एंबुलेंस और स्कूल वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित होती है. कई बार स्थिति गंभीर हो जाती है और घंटों जाम लगा रहता है.

ट्रैफिक व्यवस्था में भी होगा सुधार

विधायक मिथिलेश तिवारी के हस्तक्षेप के बाद शौचालय, स्वच्छ पेयजल और सुचारू ट्रैफिक व्यवस्था बहाल होने की संभावना बढ़ गयी है. उन्होंने कहा कि एक से डेढ़ महीने के भीतर दिघवा दुबौली बाजार में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करा दी जायेंगी. इससे लोगों को सम्मानजनक और सुरक्षित वातावरण मिल सकेगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Alok kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >