Saran News : तरैया थाना पुलिस को शराब के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में लगातार सफलता मिल रही है. पुलिस ने बीते 24 घंटे के दौरान अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर 2094 लीटर देसी शराब बरामद की है. इस कार्रवाई में एक पिकअप वाहन और तीन बाइक भी जब्त की गई हैं. हालांकि सभी तस्कर अंधेरे और झाड़ियों का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए.
पिकअप से 1300 लीटर देसी शराब स्पिरिट बरामद
पुलिस के अनुसार, चंचलिया दियारा शिव मंदिर से पूरब पक्की सड़क पर कुछ लोग एक पिकअप से शराब उतार रहे थे. इसी दौरान तरैया थाना पुलिस और मद्य निषेध विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची. पुलिस को देखते ही तस्कर झाड़ियों और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए. तलाशी के दौरान पिकअप पर लदी 20-20 लीटर क्षमता की 65 बाल्टियों में कुल 1300 लीटर देसी शराब स्पिरिट बरामद की गई. इस मामले में एएसआई संजय कुमार पासवान के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है.
दो बाइक से भी शराब बरामद, तस्कर छोड़कर भागे
एक अन्य कार्रवाई में तरैया गंडक नहर के रामबाग-मुरलीपुर नहर मार्ग पर पुलिस ने दो बाइक पर ले जाई जा रही 40 लीटर देसी शराब स्पिरिट बरामद की. पुलिस को देखते ही तस्कर बाइक और शराब छोड़कर फरार हो गए. इस मामले में एएसआई राकेश कुमार सिंह ने प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.
तीन बाइक और पिकअप जब्त, छापेमारी जारी
थानाध्यक्ष धीरज कुमार ने बताया कि शराब तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा. किसी भी सूरत में शराब के धंधे से जुड़े लोगों को बख्शा नहीं जाएगा. पुलिस जब्त वाहनों और बरामद शराब के संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर तस्करों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.
