Saran News: तरैया प्रखंड मुख्यालय स्थित किसान भवन सभागार में शुक्रवार को सौर मेला 2026 एवं प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के सफल आयोजन को लेकर पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई. बैठक में योजना के तहत मिलने वाले अनुदान, सौर संयंत्र की स्थापना तथा नए राशन कार्ड के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया की जानकारी दी गई.
प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत मिलेगा अनुदान
बैठक में बताया गया कि नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (NBPDCL) के माध्यम से प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत उपभोक्ताओं को सोलर संयंत्र लगाने के लिए सरकारी अनुदान उपलब्ध कराया जाएगा.
योजना के तहत मिलने वाले अनुदान की जानकारी इस प्रकार दी गई—
- 1 किलोवाट सोलर संयंत्र की अनुमानित लागत 75 हजार रुपये, जिस पर 30 हजार रुपये का अनुदान मिलेगा.
- 2 किलोवाट सोलर संयंत्र की अनुमानित लागत 1.50 लाख रुपये, जिस पर 60 हजार रुपये का अनुदान मिलेगा.
- 3 किलोवाट सोलर संयंत्र की अनुमानित लागत 2.10 लाख रुपये, जिस पर 78 हजार रुपये का अनुदान मिलेगा.
बैठक में बताया गया कि सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने के लिए उपभोक्ताओं को वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि अधिक से अधिक लोग इस योजना का लाभ उठा सकें.
नए राशन कार्ड के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू
बैठक के दौरान प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी काजल तिवारी ने जनप्रतिनिधियों को जानकारी दी कि नए राशन कार्ड के लिए ऑनलाइन आवेदन का पोर्टल खोल दिया गया है. पात्र लाभार्थी पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं.
उन्होंने बताया कि आवेदन के लिए जाति प्रमाण-पत्र, आवासीय प्रमाण-पत्र, आय प्रमाण-पत्र, परिवार का सामूहिक फोटो, बैंक पासबुक की छायाप्रति, आवेदक के हस्ताक्षर, परिवार के सभी सदस्यों के आधार कार्ड तथा परिवार के किसी एक सदस्य का मोबाइल नंबर आवश्यक होगा.
उन्होंने बताया कि तरैया प्रखंड को 1830 नए राशन कार्ड बनाने का लक्ष्य दिया गया है.
बैठक में रहे मौजूद
बैठक में बीडीओ विभु विवेक, प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि धनवीर कुमार सिंह 'विक्कू', जेई पंकज कुमार, एमओ काजल तिवारी, बीडीसी माधुरी सिंह, सरपंच संघ के प्रदेश महासचिव सुनील तिवारी, सरपंच संघ के अध्यक्ष रवि सिंह, बिगन राय, अजीत रंजन, पूर्व सरपंच राजू सिंह, उप सरपंच राम नारायण यादव, नीरज सिंह, मुखिया प्रतिनिधि अनिल यादव, टुलु सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे.
