सारण जिले के एकमा प्रखंड अंतर्गत परसागढ़ क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक घटनाओं और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्थानीय लोगों एवं व्यापारियों ने पुलिस व्यवस्था सुदृढ़ करने की मांग तेज कर दी है. इसी क्रम में परसागढ़ निवासी संदीप कुमार पांडेय ने मुख्यमंत्री से परसागढ़ में पुलिस उप-स्टेशन (पुलिस चौकी) की पुनर्स्थापना तथा एकमा-परसागढ़ मुख्य मार्ग पर 24 घंटे विशेष पुलिस गश्ती व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है.
लूटपाट और छिनतई से बढ़ी असुरक्षा
मांग आवेदन में कहा गया है कि पिछले कुछ वर्षों से एकमा-परसागढ़ मुख्य मार्ग पर लूटपाट, छिनतई एवं अन्य आपराधिक घटनाओं में लगातार वृद्धि हुई है. इससे व्यापारियों, किसानों, छात्रों, महिलाओं और आम नागरिकों में असुरक्षा की भावना बढ़ी है. विशेषकर शाम और रात के समय इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों को भय के माहौल में यात्रा करनी पड़ती है.
प्रमुख ग्रामीण व्यापारिक केंद्र है परसागढ़ बाजार
आवेदन में बताया गया है कि परसागढ़ बाजार क्षेत्र का एक प्रमुख ग्रामीण व्यापारिक केंद्र है, जहां प्रतिदिन आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग खरीदारी और व्यापारिक गतिविधियों के लिए पहुंचते हैं. बाजार में कृषि उत्पाद, खाद-बीज, किराना, वस्त्र, दवा सहित अन्य आवश्यक वस्तुओं का कारोबार होता है. इसके बावजूद क्षेत्र में स्थायी पुलिस व्यवस्था का अभाव बना हुआ है.
पुलिस चौकी हटने के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि परसागढ़ में पहले एक पुलिस चौकी कार्यरत थी, जिससे कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराध नियंत्रण में मदद मिलती थी. हालांकि, कुछ वर्ष पूर्व पुलिस चौकी को हटा दिया गया, जिसके बाद क्षेत्र में पुलिस की नियमित मौजूदगी कम हो गयी. स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों का मानना है कि चौकी हटने के बाद अपराधियों के हौसले बढ़े हैं और लूटपाट जैसी घटनाओं में वृद्धि हुई है.
24 घंटे गश्ती और निगरानी व्यवस्था की मांग
शिकायतकर्ता ने मुख्यमंत्री से परसागढ़ में पुलिस उप-स्टेशन स्थापित कर पुलिस की स्थायी मौजूदगी सुनिश्चित करने की मांग की है. इसके साथ ही एकमा-परसागढ़ मुख्य मार्ग पर 24 घंटे विशेष पुलिस गश्ती व्यवस्था लागू करने और संवेदनशील स्थानों पर नियमित पेट्रोलिंग की मांग की गयी है. आवेदन में आधुनिक निगरानी व्यवस्था विकसित करने का भी अनुरोध किया गया है.
व्यापारियों को सुरक्षा मिलने की उम्मीद
क्षेत्र के व्यापारियों का कहना है कि यदि परसागढ़ में दोबारा पुलिस चौकी अथवा पुलिस उप-स्टेशन स्थापित किया जाता है, तो अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के साथ व्यापारियों और आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत होगी. स्थानीय लोगों का मानना है कि महत्वपूर्ण ग्रामीण व्यापारिक केंद्र में स्थायी पुलिस व्यवस्था समय की मांग है. अब क्षेत्रवासियों की निगाहें प्रशासन और राज्य सरकार की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं.
