सारण में मौसम बदलते ही बढ़े वायरल संक्रमण के मरीज, परसा सीएचसी की ओपीडी में डेढ़ गुना हुई भीड़

मौसम में लगातार हो रहे बदलावों का असर अब लोगों के स्वास्थ्य पर स्पष्ट दिख रहा है. परसा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर ओपीडी में मरीजों की संख्या डेढ़ गुना बढ़ गई है, जिसमें बच्चे और बुजुर्ग सबसे अधिक प्रभावित हैं. वायरल संक्रमण तेजी से फैल रहा है.

सारण : मौसम में लगातार हो रहे बदलाव का असर अब लोगों के स्वास्थ्य पर स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है.सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परसा की ओपीडी में पहले की तुलना में मरीजों की संख्या लगभग डेढ़ गुना बढ़ गई है.चिकित्सकों के अनुसार वायरल संक्रमण तेजी से फैल रहा है.जिसके कारण प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज अस्पताल पहुंच रहे हैं.इनमें बच्चों और बुजुर्गों की संख्या सबसे अधिक है.सीएचसी परसा मे डिप्टी पर तैनात चिकित्सक डॉ. वंदना कुमारी ने बताया कि मौसम में अचानक परिवर्तन होने से वायरल फीवर, सर्दी-खांसी, बदन दर्द, उल्टी और पेट दर्द के मरीजों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है.

छोटे-छोटे बच्चे भी तेजी से वायरल संक्रमण की चपेट में आ रहे हैं. उन्होंने कहा कि अधिकांश मरीज समय पर इलाज मिलने से ठीक हो रहे हैं.इसलिए किसी भी प्रकार के लक्षण दिखने पर लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए.उन्होंने लोगों से पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, ताजा एवं पौष्टिक भोजन करने, साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने तथा बिना चिकित्सकीय सलाह के दवा का सेवन नहीं करने की अपील की. साथ ही तेज बुखार, लगातार उल्टी, सांस लेने में परेशानी या अत्यधिक कमजोरी महसूस होने पर तत्काल स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर जांच कराने की सलाह दी.

वहीं, पेट्स टेक्नोलॉजी के निदेशक प्रो. शिवानन्द उपाध्याय ने बताया कि संस्थान में प्रतिदिन कई विद्यार्थी तेज बुखार, बदन दर्द और कमजोरी की शिकायत लेकर आ रहे हैं.उन्होंने कहा कि अभिभावक बच्चों के खान-पान और स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दें.यदि बच्चों में बुखार, शरीर में दर्द या अन्य वायरल संक्रमण के लक्षण दिखाई दें तो तुरंत चिकित्सक से परामर्श लें, ताकि बीमारी गंभीर रूप न ले.स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि मौसम में उतार-चढ़ाव के दौरान रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर होने से वायरल संक्रमण तेजी से फैलता है.ऐसे में भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सावधानी बरतना, हाथों की नियमित सफाई करना, पर्याप्त आराम करना और संतुलित आहार लेना संक्रमण से बचाव के लिए आवश्यक है.

वहीं, सीएचसी परसा प्रशासन ने बढ़ती मरीजों की संख्या को देखते हुए ओपीडी में आवश्यक दवाओं और चिकित्सकीय सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था किए जाने की बात कही है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Md Yusuf

Published by: Vivek Ranjan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >