सारण: नए परिसीमन के आधार पर पंचायत चुनाव कराने के निर्णय पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के प्रति आभार एवं धन्यवाद यात्रा पर निकले राज्य के पंचायत प्रतिनिधियों का बुधवार को रसूलपुर चट्टी में भव्य स्वागत किया गया. इस दौरान पंचायत प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि नए परिसीमन से विकास से वंचित गांवों और ग्रामीणों को बेहतर प्रतिनिधित्व एवं विकास का लाभ मिलेगा.
प्रदेश स्तरीय पंचायत प्रतिनिधियों का हुआ स्वागत
कार्यक्रम में मुखिया संघ के प्रदेश अध्यक्ष मिथिलेश राय, पंच-सरपंच संघ के प्रदेश अध्यक्ष अमोद कुमार, जिला परिषद संघ की प्रदेश अध्यक्ष कृष्णा कुमारी, मुखिया संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष विनय भूषण सिंह तथा प्रमुख संघ की प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष जयमाला पासवान सहित अन्य पंचायत प्रतिनिधियों का रसूलपुर में जोरदार स्वागत किया गया.
बापू सभागार की रैली में मुख्यमंत्री करेंगे संबोधित
सभा को संबोधित करते हुए पंचायत प्रतिनिधियों ने कहा कि जल्द ही पटना के बापू सभागार में पंचायत प्रतिनिधियों की एक ऐतिहासिक एवं अभूतपूर्व रैली आयोजित होगी, जिसे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी संबोधित करेंगे. उन्होंने रसूलपुर और एकमा क्षेत्र के पंचायत प्रतिनिधियों से बड़ी संख्या में रैली में शामिल होकर इसे सफल बनाने का आह्वान किया.
'जनप्रतिनिधियों के अधिकार वापस दिलाने की लड़ाई जारी रहेगी'
वक्ताओं ने कहा कि मुखिया और सरपंचों से वापस लिए गए अधिकारों को सरकार निश्चित रूप से लौटाएगी. साथ ही पंचायत प्रतिनिधियों के पेंशन सहित अन्य अधिकारों की लड़ाई भी पंचायत प्रतिनिधि संघ मजबूती से लड़ता रहेगा.
'रसूलपुर-एकमा की भूमिका होगी ऐतिहासिक'
रसूलपुर पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि मिथिलेश प्रसाद ने स्वागत एवं धन्यवाद ज्ञापन करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा नए परिसीमन के आधार पर पंचायत चुनाव कराने का निर्णय ऐतिहासिक है. उन्होंने कहा कि पटना में प्रस्तावित पंचायत प्रतिनिधियों की रैली में रसूलपुर और एकमा क्षेत्र की भूमिका ऐतिहासिक होगी. इसके लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर अभी से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं.
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में रसूलपुर पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि मिथिलेश प्रसाद, सरपंच प्रतिनिधि विकास कुमार, असहनी पंचायत के मुखिया अखिलेश ईशनाथ यादव, अतरसन पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि रंजीत कुमार गुड्डू, नवादा पंचायत के मुखिया गणेश साह, उपमुखिया मनोज सोनी (नन्हे) सहित बड़ी संख्या में पंचायत प्रतिनिधि उपस्थित रहे.
