Saran News: सारण जिले में उच्च शिक्षा को नई दिशा देने की पहल के तहत 15 जुलाई से नौ नए डिग्री कॉलेजों का शुभारंभ उत्सवी माहौल में किया जाएगा. उद्घाटन कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर जिला पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने सभी संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
जनप्रतिनिधियों और शिक्षाविदों को भेजा जाएगा आमंत्रण
बैठक में डीएम ने निर्देश दिया कि सभी स्थानीय जनप्रतिनिधियों, शिक्षाविदों, अभिभावकों, शिक्षकों और छात्रों को समय पर आमंत्रण भेजना सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी करने का निर्देश दिया.
जलजमाव, पेयजल और शौचालय की व्यवस्था करने का निर्देश
डीएम ने कहा कि जहां जरूरत हो वहां सिविल वर्क के तहत जलजमाव की समस्या दूर की जाए, मिट्टी भराई कराई जाए तथा शौचालय और पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए. साथ ही सभी कॉलेज परिसरों में नेमप्लेट और साइनेज बोर्ड लगाए जाएं.
शिलापट्ट का होगा अनावरण, सजेंगे कॉलेज परिसर
जिला योजना पदाधिकारी को सभी कॉलेजों में शिलापट्ट लगवाने का निर्देश दिया गया, जिसका अनावरण स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा किया जाएगा. डीएम ने कॉलेज परिसरों को फूलों और गुब्बारों से सजाकर उत्सवी माहौल तैयार करने के निर्देश दिए.
राष्ट्रगीत और दीप प्रज्वलन के साथ होगा उद्घाटन
उद्घाटन समारोह में राष्ट्रगीत, राष्ट्रगान, राज्य गीत, दीप प्रज्वलन और जनप्रतिनिधियों के संबोधन का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. डीएम ने स्पष्ट किया कि कार्यक्रम के लिए अलग से टेंट-पंडाल लगाने की आवश्यकता नहीं है. उद्घाटन समारोह कॉलेज के क्लासरूम में ही आयोजित होगा और नियमित पठन-पाठन भी बाधित नहीं होना चाहिए.
इन नौ प्रखंडों में शुरू होंगे नए डिग्री कॉलेज
15 जुलाई से जिन नौ नए डिग्री कॉलेजों का शुभारंभ होगा, उनमें इसुआपुर, दरियापुर, एकमा, मशरक, मढ़ौरा, मकेर, तरैया, लहलादपुर और पानापुर शामिल हैं.
दरियापुर और मकेर में विशेष तैयारी के निर्देश
डीएम ने दरियापुर और मकेर में विशेष चौकसी बरतने का निर्देश दिया. उन्होंने बताया कि दरियापुर में उपमुख्यमंत्री सह प्रभारी मंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव, जबकि मकेर में सारण के प्रभारी सचिव सह ग्रामीण विकास विभाग के सचिव पंकज कुमार उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होंगे.
लाइव डिस्प्ले और इंटरनेट की भी होगी व्यवस्था
बैठक में सभी उद्घाटन स्थलों पर दो से तीन टीवी, इंटरनेट, लैपटॉप और लाइव डिस्प्ले की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया, ताकि कार्यक्रम का सीधा प्रसारण और बेहतर संचालन हो सके.
बैठक में उप विकास आयुक्त, जिला शिक्षा पदाधिकारी, सभी कॉलेजों के प्राचार्य तथा सिविल वर्क से जुड़े जूनियर इंजीनियर मौजूद रहे. वहीं संबंधित प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी और अन्य अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए.
इसे भी पढ़ें: अनंत सिंह और गुंजन सिंह गोपालगंज कोर्ट में सरेंडर करने पहुंचे, मिली स्थायी जमानत, जानें पूरा केस
