सारण में जदयू का शक्ति प्रदर्शन, शिक्षक सम्मान समारोह में जुटे एनडीए के बड़े नेता

छपरा में आयोजित शिक्षक सम्मान समारोह में मंत्री अशोक चौधरी ने ई. आनंद पुष्कर को सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से एनडीए का आधिकारिक उम्मीदवार घोषित किया।

Saran News : सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से जदयू समर्थित एनडीए प्रत्याशी ई. आनंद पुष्कर के समर्थन में रविवार को सिटी गॉर्डन, सांढा, छपरा में क्षेत्रीय मिलन सह शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी, मदरसा बोर्ड के अध्यक्ष मो. सलीम परवेज, सारण स्नातक क्षेत्र के विधान पार्षद वीरेंद्र नारायण यादव, मांझी विधायक रणधीर कुमार सिंह समेत जदयू के कई वरिष्ठ नेता और पांचों जिलों से बड़ी संख्या में शिक्षक मतदाता शामिल हुए.

दीप प्रज्ज्वलन और लोकगीत से हुई कार्यक्रम की शुरुआत

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलित कर की गयी. इसके बाद वंदना और लोकगीत की प्रस्तुति हुई. समारोह में उपस्थित अतिथियों और शिक्षकों का अंगवस्त्र देकर सम्मान किया गया. शिक्षक दिवस के अवसर पर राज्य सरकार से सम्मानित सारण जिले की शिक्षिका चंचला तिवारी को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया.

जदयू जिलाध्यक्ष ने कहा- मेहनत रंग लायेगी

अध्यक्षीय संबोधन में सारण जदयू जिलाध्यक्ष वैद्यनाथ प्रसाद 'विकल' ने कहा कि कार्यकर्ताओं और शिक्षकों की मेहनत रंग लायेगी. उन्होंने दावा किया कि इस बार ई. आनंद पुष्कर विधान पार्षद बनेंगे.

मंत्री अशोक चौधरी ने पुष्कर के संघर्ष को सराहा

मुख्य अतिथि मंत्री अशोक चौधरी ने कहा कि ई. आनंद पुष्कर शिक्षकों के लिए लगातार संघर्ष करते रहे हैं. उन्होंने कहा कि वित्तरहित शिक्षकों के अनुदान के बदले वेतनमान की मांग को अंतिम पड़ाव तक पहुंचाने में पुष्कर की ईमानदार कोशिश महत्वपूर्ण रही है. उन्होंने कहा कि पुष्कर को पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का आशीर्वाद और स्नेह प्राप्त है.

नेताओं ने जीत का किया दावा

मदरसा बोर्ड के अध्यक्ष मो. सलीम परवेज ने कहा कि इस बार पुष्कर की जीत सुनिश्चित है और उन्हें सभी का सहयोग व समर्थन प्राप्त है. सारण स्नातक क्षेत्र के एमएलसी वीरेंद्र नारायण यादव ने आगामी चुनाव को लेकर पुष्कर का मार्गदर्शन और उत्साहवर्धन किया.

मांझी विधायक रणधीर कुमार सिंह ने शिक्षकों से किसी के बहकावे में नहीं आने की अपील की. उन्होंने कहा कि चुनाव में हारने वाले तरह-तरह के हथकंडे अपनायेंगे और अफवाहें फैलायी जायेंगी. उन्होंने कहा कि शिक्षक ही मतदाता हैं, इसलिए प्रत्याशी शिक्षकों के बीच जाकर संवाद करेंगे. शिक्षकों के उत्साह को देखकर उन्होंने पुष्कर की जीत के प्रति विश्वास जताया.

पांचों जिलों से पहुंचे शिक्षक मतदाता

गोपालगंज जदयू जिलाध्यक्ष प्रमोद कुमार पटेल ने एनडीए प्रत्याशी ई. आनंद पुष्कर को अपना पूरा सहयोग और समर्थन देने का भरोसा दिलाया. कार्यक्रम में सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के पांचों जिलों से बड़ी संख्या में शिक्षक और शिक्षिकाएं शामिल हुईं.

शिक्षकों और अतिथियों को किया गया सम्मानित

मंचासीन अतिथियों के साथ उपस्थित शिक्षकों, शिक्षिकाओं और शिक्षा-प्रेमियों को भी अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया. इस दौरान शिक्षकों ने भी समारोह में अपनी भागीदारी दर्ज करायी.

पुष्कर बोले- शिक्षकों के लिए आगे भी करते रहेंगे काम

समारोह के अंत में ई. आनंद पुष्कर ने सभी शिक्षक बंधुओं और शिक्षिका बहनों के प्रति आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि अपने पिता स्वर्गीय केदारनाथ पाण्डेय के बताये रास्ते पर चलते हुए वह शिक्षकों के लिए काम करते आये हैं और आगे भी करते रहेंगे.

कार्यक्रम में मौजूद शिक्षकों ने ई. आनंद पुष्कर के प्रति अपनी आस्था जताते हुए आगामी चुनाव में प्रथम वरीयता के मत से उन्हें भारी बहुमत से विजयी बनाने का भरोसा दिलाया.

जदयू के कई नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद

समारोह में अरुण पांडेय, कौशल किशोर पाण्डेय, राकेश कुमार सिंह, मनोरंजन कुमार सिंह, वीरेंद्र राम, रत्नाकर कुमार राय, प्रमोद कुमार मिश्र, अभय कुमार, गोपाल जी त्रिपाठी, राजीव कुमार सिंह, आमोद कुमार सिंह, सुनील कुमार, दिलीप कुमार सिंह, रईसुल एहरार खान, चंचला तिवारी, रीति शाही, प्रियंका कुमारी, गुड़िया कुमारी, लाल बाबू सिंह, अरुण तिवारी, ज्योति भूषण सिंह, गौरीशंकर सिंह, नीलेश त्रिपाठी, मयंक कुमार सिंह, श्याम तिवारी, प्रकाश कुमार सिंह, राजेश कुमार सिंह, पंकज वर्मा, दीप्ति कुमारी, रुपनारायण सिंह, समीर कुमार, राजेश ओझा, अरविंद कुमार सिंह, प्रमोद कुमार, अमरेन्द्र कुमार सिंह और सत्येंद्र पाण्डेय समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By संजय भारद्वाज

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >