00 नगरा में 1,438 नये राशन कार्ड बनाने का लक्ष्य, 13 अगस्त तक पूरा करने का निर्देश

नगरा प्रखंड में राशन कार्ड से वंचित परिवारों के लिए विशेष अभियान शुरू। 13 अगस्त तक 1,438 नये राशन कार्ड बनाने का लक्ष्य, अधिकारियों को दिए गए सख्त निर्देश।

प्रतिनिधि, नगरा. नगरा प्रखंड क्षेत्र में राशन कार्ड से वंचित पात्र परिवारों के लिए राहत भरी खबर है. जिला प्रशासन ने विशेष अभियान चलाकर 13 अगस्त 2026 तक 1,438 नये राशन कार्ड बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है. इसके लिए नगरा प्रखंड को प्रतिदिन 48 नये राशन कार्ड बनाने का लक्ष्य दिया गया है. जिला पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में स्पष्ट निर्देश दिया गया कि कोई भी पात्र परिवार राशन कार्ड से वंचित नहीं रहना चाहिए. साथ ही निर्धारित लक्ष्य में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की भी चेतावनी दी गयी. बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि पात्र लाभुकों के आवेदन ऑनलाइन कराए जाएं, उनकी पात्रता का भौतिक सत्यापन किया जाए, एमओ स्तर पर जांच प्रतिवेदन अपलोड किया जाए तथा एसडीओ स्तर से समयबद्ध तरीके से राशन कार्ड निर्गत किए जाएं. अभियान की सफलता के लिए विकास मित्र, जन वितरण प्रणाली विक्रेताओं, आरटीपीएस एवं सीएससी केंद्रों के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक पात्र परिवारों के आवेदन लेने का निर्देश दिया गया. प्रत्येक पंचायत में नोडल पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की जाएगी, जो आवेदन से लेकर सत्यापन तक पूरी प्रक्रिया की निगरानी करेंगे. सभी आवेदनों की जांच के दौरान जियो-टैग फोटो एवं जांच प्रतिवेदन अपलोड करना अनिवार्य होगा. जिला प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को समय सीमा के भीतर लक्ष्य हर हाल में पूरा करने का निर्देश दिया है. वहीं इस संबंध में नगरा प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी दीपक कुमार ने बताया कि सभी पात्र परिवारों तक राशन कार्ड पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है. अभियान को पूरी पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से संचालित किया जाएगा, ताकि कोई भी पात्र लाभुक सरकारी योजना के लाभ से वंचित न रहे. उन्होंने पात्र परिवारों से अपील की कि वे निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन कर इस विशेष अभियान का लाभ उठाएं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Md Ayub

Published by: Alok Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >