प्रतिनिधि, छपरा. अंतरराष्ट्रीय स्वयंसेवी संस्था लायंस लियो क्लब ऑफ छपरा टाउन के तत्वावधान में छपरा शहर के गर्ल्स उच्च विद्यालय में माहवारी जागरूकता अभियान के अंतर्गत चुप्पी तोड़ो, खुल के पूछो कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ स्कूल की प्राचार्या किरण सिंह, डॉ नताशा सिंह, लायंस अध्यक्ष आदित्य सोनी, लियो उपाध्यक्ष उज्जवल मिश्रा ने किया. इस मौके पर डॉ नताशा सिंह को बिहार का प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया. कार्यक्रम की मुख्य वक्ता छपरा की प्रसिद्ध स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ नताशा सिंह ने छात्राओं को मासिक धर्म के दौरान अपनायी जाने वाली स्वच्छता, संतुलित आहार, स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों तथा सैनिटरी पैड के सुरक्षित उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी. उन्होंने कहा कि माहवारी एक प्राकृतिक एवं सामान्य जैविक प्रक्रिया है, जिसे लेकर किसी प्रकार की झिझक या शर्म महसूस करने की आवश्यकता नहीं है. कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने माहवारी से जुड़े विभिन्न विषयों पर खुलकर प्रश्न पूछे, जिनका डॉ नताशा ने सरल और वैज्ञानिक तरीके से उत्तर दिया. इस संवादात्मक सत्र से छात्राओं का आत्मविश्वास बढ़ा और उन्हें अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त हुआ. लायन क्लब अध्यक्ष आदित्य सोनी ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य किशोरियों में माहवारी से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करना तथा उन्हें मासिक धर्म स्वच्छता एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाना था, हमारे लायंस क्लब की जिलपाल संगीता नंद का ये ड्रीम प्रोजेक्ट भी है. कार्यक्रम में कुंवर जायसवाल, अभिषेक किशोर, विकास गुप्ता, मनीष कुमार, विकास, समर आनंद, आशुतोष पाण्डेय, अमित सोनी, अभिषेक गुप्ता, निशा गुप्ता, कुमार अभिषेक, कृष्ण कन्हैया मिश्रा, लीलावती कुमारी आदि सदस्य मौजूद रहे.
छात्राओं को माहवारी स्वच्छता के प्रति किया गया जागरूक
छपरा के गर्ल्स हाई स्कूल में माहवारी जागरूकता अभियान के तहत छात्राओं को स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया। डॉ. नताशा सिंह ने दी महत्वपूर्ण जानकारी।

फोटो, कार्यक्रम में मौजूद छात्राएं व चिकित्सक | Prabhat Khabar Network