Aditya Kumar Yadav Lieutenant : मांझी प्रखंड के मटियार गांव निवासी और वर्तमान में अंबाला में तैनात सेना के जवान उत्तम कुमार यादव के पुत्र आदित्य कुमार यादव ने भारतीय सेना की राजपूत रेजिमेंट में लेफ्टिनेंट बनकर पूरे सारण जिले का नाम रोशन किया है. शनिवार को चेन्नई स्थित सेना मुख्यालय में आयोजित भव्य पासिंग आउट परेड में आदित्य ने देश सेवा की शपथ ली.
माता-पिता ने बेटे की वर्दी पर लगाया बैच
आदित्य की इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के मौके पर उनके माता-पिता उत्तम कुमार यादव और सुगांती देवी भी मौजूद रहे. पासिंग आउट परेड के दौरान माता-पिता ने अपने हाथों से बेटे की वर्दी पर लेफ्टिनेंट का बैच लगाया और उसे सैल्यूट किया. यह भावुक कर देने वाला पल रहा, जिसे देखकर परेड ग्राउंड तालियों से गूंज उठा.
आर्मी स्कूल से की इंटरमीडिएट की पढ़ाई
बताया जाता है कि आदित्य कुमार यादव ने अपनी इंटरमीडिएट की पढ़ाई बंगलौर स्थित आर्मी स्कूल से पूरी की थी. बचपन से ही उनका सपना भारतीय सेना में शामिल होकर देश की सेवा करना था. कड़ी मेहनत और लगन के दम पर उन्होंने अपने सपने को साकार कर लिया.
आदित्य की सफलता से गांव में खुशी की लहर
आदित्य के लेफ्टिनेंट बनने की खबर मिलते ही मटियार गांव में खुशी की लहर दौड़ गई. परिजनों ने गांव में मिठाइयां बांटकर अपनी खुशी का इजहार किया. वहीं, बड़ी संख्या में ग्रामीण आदित्य के घर पहुंचे और उनके माता-पिता को बधाई दी.
युवाओं के लिए बने प्रेरणा
ग्रामीणों ने कहा कि आदित्य ने मटियार ही नहीं, बल्कि पूरे मांझी प्रखंड के युवाओं के लिए प्रेरणा का काम किया है. सेना में लेफ्टिनेंट बनकर उन्होंने गांव और जिले का गौरव बढ़ाया है. उनकी सफलता से युवाओं में भी सेना में जाने और देश सेवा करने का उत्साह बढ़ेगा.
