Genealogy Verification: अंचल के 106 राजस्व गांवों में चल रहे विशेष भूमि सर्वे के तहत प्रथम चरण में शामिल 23 गांवों में सर्वे की प्रक्रिया तेज हो गयी है. किस्तावार कार्य पूरा होने के बाद अब सर्वे के महत्वपूर्ण चरण वंशावली सत्यापन की शुरुआत कर दी गयी है. इसके बाद खानापुरी का कार्य किया जायेगा. खानापुरी पूरी होने के बाद संबंधित राजस्व गांवों का नया कच्चा खतियान तैयार किया जायेगा.
सहायक बंदोबस्त पदाधिकारी आशीष कुमार ने रैयतों से अपील की है कि जिन लोगों ने अब तक अपने जरूरी दस्तावेज जमा नहीं किये हैं, वे जल्द से जल्द संबंधित कार्यालय में कागजात जमा करा दें. उन्होंने कहा कि दस्तावेज जमा नहीं करने की स्थिति में संबंधित भूमि अनावाद बिहार सरकार के नाम दर्ज होने की संभावना रहेगी.
अंवारी पंचायत सरकार भवन में शिफ्ट हुआ सर्वे कार्यालय
ग्रामीणों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मढ़ौरा अंचल कार्यालय के डाटा संग्रह केंद्र से सर्वे कार्यालय को अंवारी पंचायत सरकार भवन में स्थानांतरित कर दिया गया है. अब सर्वे से जुड़े सभी अमीन और अन्य पदाधिकारी यहीं उपलब्ध रहेंगे. इससे ग्रामीणों को सर्वे से संबंधित कार्यों के लिए कार्यालय पहुंचने में सहूलियत होगी.
प्रथम चरण में शामिल 23 राजस्व गांव
विशेष भूमि सर्वे के प्रथम चरण में मढ़ौरा अंचल के 23 राजस्व गांव शामिल हैं.
इसरौली पंचायत: हिरमी, चनना, उजरी सेन्दुआरी, पटेढ़ी
हसनपुरा पंचायत: चैनपुर, मढ़ौरा छत्तीस, झखरा वृत, राहिमपुर छपियां, घुरना, लालापुर
रसुलपुर पंचायत: सिसवां, खोरमपुर, रसुलपुर, औदालपट्टी, मझवलिया
हथिसार पंचायत: कोन्धी, अरकरनपुर
माधोपुर पंचायत: हकाम
मुबारकपुर पंचायत: भलुही, जलालपुर
भावलपुर पंचायत: जमालपुर
अगहरा पंचायत: अंसकरनपुर
बरदहिया पंचायत: सिहोरिया
