Saran News : सारण के परसा थाना क्षेत्र में शराब के अवैध कारोबार और शराब सेवन के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है. इसी क्रम में परसा थाना पुलिस ने शराब धंधेबाजी के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहे नामजद आरोपित को गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर गिरफ्तार कर लिया. वहीं, शराब के नशे में सार्वजनिक स्थान पर हंगामा कर रहे एक व्यक्ति को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया.
बलिगांवा से फरार आरोपित गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, परसा थाना कांड संख्या 435/26 शराब धंधेबाजी से संबंधित मामले में बलिगांवा गांव निवासी गनौर सहनी के पुत्र सूरज सहनी को नामजद आरोपित बनाया गया था. कांड दर्ज होने के बाद से ही वह फरार चल रहा था.
इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि सूरज सहनी बलिगांवा गांव में मौजूद है. सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने गांव में छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आवश्यक पूछताछ की और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शुक्रवार को उसे छपरा व्यवहार न्यायालय भेज दिया.
शराब पीकर हंगामा करने वाला भी गिरफ्तार
इधर, परसौना गांव में शराब के नशे में सार्वजनिक स्थान पर हंगामा कर रहे एक व्यक्ति को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया. गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान परसौना निवासी छठु महतो के पुत्र विनय महतो के रूप में हुई है.
पुलिस के अनुसार, सूचना मिलने के बाद टीम मौके पर पहुंची और विनय महतो को गिरफ्तार कर लिया. उसके खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत सनहा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की गयी. इसके बाद उसे भी छपरा व्यवहार न्यायालय भेज दिया गया.
पुलिस ने बताया कि शराब के अवैध कारोबार से जुड़े फरार आरोपितों और शराब पीकर सार्वजनिक स्थानों पर हंगामा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.
