Saran News : सावन की अंतिम सोमवारी पर सोमवार को शहर के प्रमुख शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है. इसे देखते हुए शहर के छोटे-बड़े सभी शिव मंदिरों में पूजा-अर्चना से लेकर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा तक विशेष इंतजाम किये गये हैं. मंदिरों में सुबह से ही भक्तों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो जायेगा.
धर्मनाथ मंदिर समेत प्रमुख शिवालयों में खास तैयारी
शहर के धर्मनाथ मंदिर, दधिचि आश्रम उमानाथ मंदिर, पंकज सिनेमा रोड स्थित शिव-पार्वती मंदिर, साढ़ा ढाला स्थित प्राचीन शिव मंदिर, कटहरी बाग स्थित शिव मंदिर, मारुति मानस मंदिर समेत प्रमुख शिवालयों में मंदिर समितियों की ओर से विशेष व्यवस्था की गयी है. श्रद्धालुओं को व्यवस्थित तरीके से पूजा कराने के लिए पुरुष और महिला भक्तों के लिए अलग-अलग बैरिकेडिंग की गयी है.
वोलेंटियर्स संभालेंगे व्यवस्था
मंदिर समितियों की ओर से व्यवस्था संचालन के लिए वोलेंटियर्स की तैनाती की गयी है. उन्हें भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान किसी तरह की परेशानी नहीं हो, इसे लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये हैं. अंतिम सोमवारी पर मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना भी होगी.
शिवलिंग का होगा विशेष श्रृंगार, सुबह-शाम भव्य आरती
अंतिम सोमवारी के अवसर पर मंदिरों में स्थापित शिवलिंग की विशेष साज-सज्जा की जायेगी. भगवान शिव की प्रतिमा का सोलह श्रृंगार किया जायेगा. इसके अलावा सभी प्रमुख मंदिरों में सुबह और शाम भव्य आरती का आयोजन होगा.
सुरक्षा के लिए मंदिरों पर पुलिस बल तैनात
श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने भी सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किये हैं. अलग-अलग मंदिरों पर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी निर्धारित की गयी है. भीड़भाड़ वाले इलाकों में स्थित मंदिरों के आसपास ट्रैफिक पुलिस की भी तैनाती की जायेगी, ताकि वाहनों के दबाव के कारण सड़क जाम की स्थिति उत्पन्न न हो.
धर्मनाथ मंदिर के पास लगेगा विशाल मेला
धर्मनाथ धनी मंदिर के पास श्रद्धालुओं के लिए विशाल मेले का भी आयोजन किया गया है. पूजा-अर्चना के साथ श्रद्धालु मेले का भी आनंद ले सकेंगे. अंतिम सोमवारी को लेकर शहर के शिवालयों और आसपास के इलाकों में पूरे दिन भक्तिमय माहौल रहने की उम्मीद है.
