Saran News : श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर शनिवार को शहर के नगरपालिका चौक पर भव्य मटकी फोड़ समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम को लेकर चौक पर मुख्य मंच बनाया गया था. मथुरा और वृंदावन से पहुंचे कलाकारों ने श्रीकृष्ण और राधा के अटूट प्रेम पर आधारित नृत्य प्रस्तुतियों से लोगों का मन मोह लिया. ‘गोविंदा आला रे आला’ और ‘नटखट कन्हैया’ जैसे गीतों पर युवाओं ने जमकर उत्साह दिखाया.
हजारों लोगों ने लिया मटकी फोड़ का आनंद
मटकी फोड़ कार्यक्रम देखने के लिए शहर के विभिन्न मोहल्लों के साथ ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे. महिलाओं और बच्चों में भी कार्यक्रम को लेकर खासा उत्साह रहा. नगरपालिका चौक पर दोपहर तक लोगों की भारी भीड़ जुटी रही.
30 फीट ऊंचाई पर फोड़ी मटकी
करीब तीन घंटे तक चले सांस्कृतिक कार्यक्रम के बाद दोपहर करीब दो बजे मटकी फोड़ प्रतियोगिता शुरू हुई. उमंग से भरी युवक-युवतियों की टीम ने सड़क से करीब 30 फीट की ऊंचाई पर बांधी गयी मटकी को फोड़ दिया. इस दौरान कई युवतियों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. मटकी फूटते ही पूरा परिसर राधे-कृष्ण के जयघोष से गूंज उठा.
वैदिक मंत्रोच्चार से भक्तिमय हुआ माहौल
कार्यक्रम के दौरान वेद विद्यालय के बटुकों ने वैदिक मंत्रोच्चार किया. इससे आयोजन का माहौल और भी भक्तिमय हो गया. दोपहर में हुई बारिश ने भी लोगों के उत्साह को कम नहीं किया, बल्कि मौसम खुशनुमा होने से कार्यक्रम का आनंद और बढ़ गया.
सुरक्षा को लेकर तैनात रही पुलिस
मटकी फोड़ कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये थे. पुलिसकर्मियों के साथ आयोजन समिति के वोलेंटियर्स भीड़ और यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करने में जुटे रहे. आयोजन स्थल पर किसी तरह की अव्यवस्था न हो, इसके लिए लगातार निगरानी की गयी.
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में महाराजगंज सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, विधायक छोटी कुमारी, पूर्व विधायक डॉ. सीएन गुप्ता, मेयर लक्ष्मी नारायण गुप्ता, डिप्टी मेयर रागिनी देवी, राहुल मेहता, धर्मेंद्र साह, धनंजय कुमार समेत अन्य लोग मौजूद रहे.
